
64 झटका मशीनों पर प्रशासन की कार्रवाई
Sultanpur: फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के नाम पर खेतों के चारों ओर बिजली का करंट दौड़ाने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस ने अब सख्त एक्शन लेना शुरू कर दिया है। हाल के दिनों में झटका मशीनों की चपेट में आने से हुई मौतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने जिलेभर में अवैध झटका मशीनों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
निर्देश के बाद प्रशासन, पुलिस और विद्युत विभाग की टीमें गांव-गांव पहुंचकर खेतों में लगाए गए जानलेवा विद्युत उपकरणों को हटाने में जुट गई हैं। जानकारी के अनुसार अभियान के तहत अब तक 64 अवैध झटका मशीनें हटवाई जा चुकी हैं।
धम्मौर थाना क्षेत्र के शाहपुर शरकण्डे डीह से तीन, लम्भुआ के रामपुर कुर्मियान से दो, जयसिंहपुर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से 20, बल्दीराय क्षेत्र के सिंहनी, बरासीन आदि गांवों से 15, मोतिगरपुर क्षेत्र के पहाड़पुर, बेलहरी, डडवा कला और पटखौली से 12 तथा गोसाईंगंज क्षेत्र के बिठ्ठलपुर समेत अन्य गांवों से 12 मशीनें हटाई गई हैं।
खेतों से हटाईं गईं दर्जनों झटका मशीनें
जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी तहसीलों में राजस्व, पुलिस और विद्युत विभाग की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं। उपजिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में टीमों के साथ भ्रमण कर खेतों एवं अन्य स्थानों पर लगाए गए विद्युत तारों और झटका मशीनों को चिन्हित करवा रहे हैं। मशीनें हटाने के साथ ही ग्रामीणों और किसानों को भी जागरूक किया जा रहा है कि फसल बचाने के लिए ऐसा कोई इंतजाम न किया जाए, जिससे इंसानी जान खतरे में पड़े।
लम्भुआ, मोतिगरपुर, गोसाईंगंज, जयसिंहपुर, कादीपुर, बल्दीराय और धम्मौर थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया है। प्रशासन और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से झटका मशीन लगाने वालों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
सुल्तानपुर में प्रशासन की कार्रवाई से मचा हड़कंप
प्रशासन अब सिर्फ खेतों में लगी मशीनों तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि इन जानलेवा उपकरणों की बिक्री करने वाले विक्रेताओं को भी चिन्हित किया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीमें संबंधित दुकानों पर छापेमारी कर मशीनों की तलाश करेंगी। बरामद होने वाली मशीनों को सीज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अपर पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर वृजनारायण सिंह ने लोगों से अपील की है कि खेतों के चारों ओर तार फैलाकर किसी भी विद्युत उपकरण के माध्यम से करंट प्रवाहित न करें। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था के कारण राहगीरों, किसानों, बच्चों और पशुओं की जान को गंभीर खतरा पैदा हो जाता है।
एएसपी ने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की कोई घटना सामने आती है तो इसे महज हादसा नहीं माना जाएगा। जानबूझकर खेत के चारों ओर तार फैलाकर करंट प्रवाहित करने वालों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि फसल सुरक्षा के लिए जानलेवा विद्युत व्यवस्था का इस्तेमाल न करें और यदि कहीं खेतों या अन्य स्थानों पर इस तरह करंट प्रवाहित किए जाने की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें। जिले में अवैध झटका मशीनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
Location : Sultanpur
Published : 10 August 2026, 6:16 AM IST
Topics : electric shock machine farm safety illegal electric fencing sultanpur news Sultanpur Police