अब पीपल, बरगद या आम का पेड़ काटना पड़ेगा बेहद भारी! सुलतानपुर वन विभाग ने जारी की जुर्माने की नई दरें

सुलतानपुर जिले में अवैध पेड़ कटान और लकड़ी की ढुलाई करने वालों पर वन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विभाग की कार्रवाई की जद में दूसरे जिलों के लकड़ी कारोबारी भी आए हैं। आखिर कितने बड़े स्तर पर हुई कार्रवाई और नियमों के उल्लंघन पर कितना जुर्माना वसूला गया?

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 27 November 2026, 11:39 AM IST

Sultanpur: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में अवैध पेड़ कटान और लकड़ी की ढुलाई के खिलाफ वन विभाग ने अभियान चलाकर आठ माह में 223 मामले पकड़े हैं। अप्रैल 2026 से अब तक सदर, जयसिंहपुर, कादीपुर और लम्भुआ वन रेंज में की गई कार्रवाई के दौरान विभाग ने कुल 31 लाख 93 हजार रुपये का जुर्माना वसूला है। कार्रवाई की जद में सुलतानपुर के अलावा अमेठी और मुरादाबाद के लकड़ी कारोबारी भी आए हैं।

वन विभाग की टीम ने अवैध कटान और लकड़ी की ढुलाई में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक, मिनी ट्रक, पिकअप और ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत कई वाहन पकड़े हैं। इनमें मुरादाबाद जिले के असलातनगर बगहा निवासी छोटू का ट्रक, अमेठी के पिंडोरिया निवासी अर्पित तिवारी की पिकअप, जयसिंहपुर के तिन्दौली निवासी सुरेंद्र वर्मा का मिनी ट्रक और गोसाईंगंज के रामदासपुर निवासी ध्रुवराज सिंह की पिकअप शामिल है। वन विभाग ने इनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की है।

वाहनों पर एक से दो लाख तक प्रतिकर

अवैध रूप से लकड़ी ढोते पकड़े जाने पर वाहन के प्रकार के अनुसार प्रतिकर निर्धारित है। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर एक लाख रुपये, पिकअप पर 75 हजार रुपये और ट्रक पर दो लाख रुपये तक प्रतिकर का प्रावधान है। विभाग के अनुसार, अब तक तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से ही तीन लाख रुपये प्रतिकर वसूला गया है।

Sultanpur News: AAP सांसद संजय सिंह को कोर्ट से बड़ी राहत, पांच साल पुराने मामले में सभी 12 आरोपी दोषमुक्त

प्रतिबंधित पेड़ों की कटान पर अलग-अलग शमन शुल्क

वन विभाग ने विभिन्न प्रजातियों के पेड़ों की अवैध कटान पर भी अलग-अलग शमन शुल्क निर्धारित किया है। देशी आम के पेड़ पर पांच हजार, महुआ पर आठ हजार, नीम पर छह हजार, पीपल, बरगद और पाकड़ पर दस हजार, सागौन पर छह हजार, साल पर आठ हजार, शीशम और असना पर पांच हजार तथा कोकाट पर तीन हजार रुपये शुल्क निर्धारित है। अन्य प्रकाष्ठ प्रजातियों के पेड़ों पर पांच हजार रुपये शमन शुल्क का प्रावधान है।

Sultanpur News: गांव में मिले थे गोवंश के अवशेष, तीन दिन बाद पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

प्रभागीय वनाधिकारी अमित सिंह ने बताया कि अवैध पेड़ कटान और लकड़ी की ढुलाई के मामलों में वन विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के साथ ही निर्धारित प्रतिकर की वसूली की जा रही है।

Location :  Sultanpur

Published :  27 November 2026, 11:39 AM IST