Sultanpur की बेटी का कमाल, अवध यूनिवर्सिटी MBA में पाया पहला स्थान, मिलेंगे 3 गोल्ड मेडल

सुलतानपुर की रहने वाली ज्योत्सना सिंह ने डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की एमबीए परीक्षा में सर्वाधिक अंक हासिल कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें विश्वविद्यालय की ओर से तीन प्रतिष्ठित स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया जाएगा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 8 August 2026, 12:59 PM IST

Sultanpur: सुल्तानपुर जिले की लंभुआ तहसील के गरये गांव निवासी एवं सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी अनिल कुमार सिंह की बेटी ज्योत्सना सिंह ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या की एमबीए परीक्षा में सबसे अधिक अंक प्राप्त कर उन्होंने विश्वविद्यालय में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इस उपलब्धि पर पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।

विश्वविद्यालय ने ज्योत्सना सिंह को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तीन स्वर्ण पदकों के लिए चुना है। उन्हें कुलाधिपति स्वर्ण पदक, स्वर्गीय राजीव रंजन राय स्मृति स्वर्ण पदक और गौरव अरोड़ा स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। यह सम्मान विश्वविद्यालय में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को दिया जाता है।

नौकरी छोड़कर आगे की पढ़ाई का लिया फैसला

ज्योत्सना सिंह ने वर्ष 2020 में गाजियाबाद से बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने एक अमेरिकी कंपनी में लगभग तीन वर्षों तक नौकरी की। अच्छी नौकरी होने के बावजूद उन्होंने अपने ज्ञान और करियर को आगे बढ़ाने के लिए नौकरी छोड़ दी और डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में एमबीए में प्रवेश लिया।

यह भी पढ़ें: Sultanpur: रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती पर ढोल-नगाड़ों के साथ निकली कलश यात्रा, भक्तिमय हुआ माहौल

मेहनत और लगन से मिली सफलता

एमबीए की पढ़ाई के दौरान ज्योत्सना ने पूरी मेहनत और अनुशासन के साथ तैयारी की। हाल ही में घोषित परीक्षा परिणाम में उन्होंने विश्वविद्यालय स्तर पर सबसे अधिक अंक प्राप्त किए। उनकी इसी सफलता के आधार पर विश्वविद्यालय ने उन्हें तीन प्रतिष्ठित स्वर्ण पदकों के लिए चयनित किया है। उनकी उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा बन गई है।

सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया

अपनी सफलता पर ज्योत्सना सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि उनके जीवन का अंत नहीं, बल्कि एक नया पड़ाव है। उन्होंने कहा कि अभी उन्हें बहुत कुछ सीखना और समाज के लिए बेहतर कार्य करना है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और सभी शुभचिंतकों के सहयोग और मार्गदर्शन को दिया।

जिले में खुशी की लहर

ज्योत्सना की इस उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई दी है। तीन स्वर्ण पदकों के लिए चयन होने से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा सुलतानपुर जिला गौरवान्वित महसूस कर रहा है।

Location :  Sultanpur

Published :  8 August 2026, 12:59 PM IST