सुलतानपुर में घुमंतू समाज के बच्चों को मिलेगी नई राह, असीम अरुण ने किया कोचिंग सेंटर का ऐलान

सुल्तानपुर के पकड़ी गांव में आयोजित समारोह में घुमंतू समाज के कल्याण को लेकर कई अहम घोषणाएं की गईं। कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं से जोड़ने, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा पर जोर रहा। मंत्री ने वंचित परिवारों के लिए नई पहल की जानकारी दी और आगामी विधानसभा चुनाव, कानून-व्यवस्था तथा मतदाता सूची से जुड़े सवालों पर भी अपनी बात खुलकर रखी।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 13 November 2026, 9:10 PM IST

Sultanpur: सुल्तानपुर के पकड़ी गांव में आयोजित घुमंतू गौरव समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने घुमंतू समाज और वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है। समारोह में 15 लोगों को अनुसूचित जनजाति के जाति प्रमाण पत्र और 15 वृद्धजनों को पेंशन प्रमाण पत्र वितरित किए गए। मंत्री ने पकड़ी गांव के निकट अभ्युदय कोचिंग सेंटर खोलने की घोषणा भी की।

घुमंतू परिवारों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर

समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वंचित वर्गों की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा था कि सरकारी योजनाओं का लाभ उन तक नहीं पहुंच पा रहा है। इसी सोच के तहत उत्तर प्रदेश सरकार ने घुमंतू विकास बोर्ड का गठन किया है। इसके माध्यम से घुमंतू परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का काम किया जा रहा है।

कुंभ मेला ककोड़ा के लिए पानी से लेकर रोशनी तक के इंतजाम पर जोर, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव ने दिए सख्त निर्देश

पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने बताया कि घुमंतू समाज के परिवारों को चिह्नित कर उनके आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र और आय प्रमाण पत्र बनवाए जा रहे हैं। उनके लिए आवास और शिक्षा की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि घुमंतू समाज की 29 जातियों के कल्याण के लिए सरकार काम कर रही है। इसमें किन्नर समाज और भीख मांगकर जीवनयापन करने वाले वंचित लोगों को भी योजनाओं से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

बच्चों की शिक्षा और युवाओं की तैयारी के लिए नई पहल

मंत्री ने बताया कि घुमंतू समाज के बच्चों को अटल आवासीय विद्यालयों में प्रवेश दिलाया जा रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत कोचिंग की व्यवस्था की जा रही है। इसी क्रम में उन्होंने पकड़ी गांव के निकट अभ्युदय कोचिंग सेंटर खोलने की घोषणा की।

उन्होंने जिलाधिकारी से वार्ता कर गांव में विशेष शिविर आयोजित कराने का आश्वासन भी दिया। इस शिविर में आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड तथा जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे। असीम अरुण ने कहा कि प्रयास होगा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

उन्होंने यह भी कहा कि घुमंतू समाज के लोगों को राजनीति में आगे आने का अवसर दिया जाएगा। घुमंतू विकास बोर्ड के माध्यम से समाज के लोगों का चयन कर उन्हें प्रतिनिधित्व देने की दिशा में काम किया जा रहा है। उनके मुताबिक सरकार किसी एक जाति की नहीं, बल्कि सभी 29 जातियों और वंचित वर्गों के समग्र कल्याण के लिए काम कर रही है।

Gorakhpur News: गोरखपुर में खुलेगा वर्ल्डफिश प्रोजेक्ट ऑफिस, मलेशिया की संस्था से हुआ बड़ा समझौता

चुनाव, कानून-व्यवस्था और मतदाता सूची पर भी बोले मंत्री

आगामी विधानसभा चुनाव में ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन के प्रभाव से जुड़े सवाल पर असीम अरुण ने कहा कि ऐसे गठबंधन जाति और धर्म आधारित राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास की भावना के साथ मानवता और विकास के आधार पर काम करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।

समाजवादी पार्टी की ओर से पोस्टर जारी कर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए जाने के संबंध में मंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले सर्दियों में राजमार्गों पर वाहनों को पुलिस की सुरक्षा में काफिले के रूप में निकलना पड़ता था, क्योंकि लूट की घटनाओं का भय बना रहता था। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता खुद जानती है कि वह किसके नेतृत्व में सुरक्षित महसूस करती है।

मुख्यमंत्री द्वारा हिंदू मतदाताओं के नाम काटे जाने संबंधी सवाल पर असीम अरुण ने चुनाव आयोग की एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को पारदर्शी बताया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से बोगस और अपात्र प्रविष्टियों को हटाकर उसका शुद्धीकरण किया जाना चाहिए, ताकि सूची सही और त्रुटिरहित बन सके।

Location :  Sultanpur

Published :  13 November 2026, 9:10 PM IST