सुल्तानपुर में 2511 आंगनबाड़ी केंद्रों पर हेल्दी बेबी प्रतियोगिता, बच्चों के स्वास्थ्य की हुई जांच

सुल्तानपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत 2511 आंगनबाड़ी केंद्रों पर हेल्दी बेबी प्रतियोगिता हुई। बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और टीकाकरण का मूल्यांकन किया गया, जबकि उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को सम्मानित किया गया।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 30 September 2026, 8:18 PM IST

Sultanpur: सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन कार्यक्रम के तीसरे दिन बुधवार को जिले के सभी 2511 आंगनबाड़ी केंद्रों पर हेल्दी बेबी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में एक से छह वर्ष तक के बच्चों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।

स्वास्थ्य और पोषण के आधार पर हुआ मूल्यांकन

प्रतियोगिता में बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण स्तर और टीकाकरण की स्थिति को आधार बनाकर उनका मूल्यांकन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मुख्यमंत्री की ओर से जारी प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों को बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और संतुलित पोषण के साथ नियमित टीकाकरण के महत्व की जानकारी भी दी गई।

ये भी पढ़ें: केंद्र सरकार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: IAS नरेंद्र भूषण बने पर्यावरण सचिव, दिलीप कुमार को भूमि संसाधन विभाग की जिम्मेदारी

उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान बच्चों, महिलाओं और परिवारों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिले की सभी 14 बाल विकास परियोजनाओं में सम्मान समारोह आयोजित कर आंगनबाड़ी कर्मियों का उत्साहवर्धन किया गया।

बाल विकास परियोजना भदैया के आंगनबाड़ी केंद्र बभनगवां में जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद कुमार त्रिपाठी की मौजूदगी में गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। भदैया में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने भी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया।

ये भी पढ़ें: Farrukhabad News: खुशियों का सफर मातम में बदला: ससुराल से लौट रहे युवक को तेज रफ्तार टैंकर ने रौंदा

जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों ने की सहभागिता

कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, बाल विकास परियोजना अधिकारियों, मुख्य सेविकाओं और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने सहभागिता की। बड़ी संख्या में अभिभावक और आमजन भी कार्यक्रमों में मौजूद रहे। आयोजनों के माध्यम से बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और नियमित टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद कुमार त्रिपाठी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनभागीदारी के माध्यम से इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Location :  Sultanpur

Published :  30 September 2026, 8:18 PM IST