गोरखपुर में यातायात पुलिस का कड़ा अभियान: 1009 वाहन चालकों पर कार्रवाई, छात्रों को दिया जागरूकता का संदेश

गोरखपुर में यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए शनिवार देर रात एक बड़ा अभियान चलाया गया। यातायात पुलिस ने अतिक्रमणकारियों और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की। 1009 वाहनों का चालान किया गया और अवैध ठेले-खोमचे हटाए गए।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 31 August 2025, 9:19 AM IST

Gorakhpur: गोरखपुर शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए गोरखपुर यातायात पुलिस ने शनिवार को  देर रात बड़ा अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक  यातायात के नेतृत्व में चलाई गई इस कार्रवाई के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमणकारियों और यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्ती दिखाई गई।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, पैडलेगंज से मोहद्दीपुर चौराहा और मोहद्दीपुर से चार फाटक ओवरब्रिज तक चले अभियान में अवैध ठेला-खोमचा हटाए गए। साथ ही, सड़क किनारे नो-पार्किंग जोन में खड़ी गाड़ियों पर भी जुर्माना लगाया गया। पुलिस की इस सख्ती से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। कई जगह अतिक्रमणकारियों ने स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया। यातायात पुलिस टीम और प्रवर्तन दल ने मिलकर कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में नियम तोड़ने वालों को सबक सिखाया।

अवैध अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई

शहर क्षेत्र में की गई चेकिंग के दौरान 1009 वाहनों का चालान एम.वी. एक्ट की विभिन्न धाराओं में किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लगातार चलता रहेगा। यातायात नियमों का पालन न करने वालों और अवैध अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ रोजाना ऐसी सख्त कार्रवाई होती रहेगी।

इसके साथ ही पुलिस ने जागरूकता की दिशा में भी कदम बढ़ाया। रैंपस स्कूल, गोरखपुर में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां छात्र-छात्राओं को प्रोजेक्टर और पंपलेट के माध्यम से यातायात नियमों की जानकारी दी गई। अभियान में आरटीओ संजय कुमार झा, टीआई मनोज कुमार राय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस कार्यक्रम में करीब 600 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी प्राप्त की।

बच्चों से की गई अपील

अधिकारियों ने बच्चों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिजनों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उनका कहना था कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। गोरखपुर यातायात पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई ने जहां नियम तोड़ने वालों को सख्त संदेश दिया, वहीं बच्चों के बीच चलाए गए जागरूकता अभियान ने आने वाली पीढ़ी में सड़क सुरक्षा को लेकर नई सोच जगाई है।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 31 August 2025, 9:19 AM IST