अचानक आए तूफान ने नोएडा को क्यों बना दिया तबाही का शहर? 400 पेड़ गिरे, देखिए मौसम अपडेट

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में आए भीषण तूफान और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी। करीब 400 पेड़ गिरने, 210 बिजली पोल टूटने और 72 ट्रांसफॉर्मर खराब होने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़कों पर जलभराव और घंटों जाम की स्थिति बन गई।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 5 June 2026, 6:41 AM IST
google-preferred

Noida : गुरुवार को आए अचानक तेज तूफान और मूसलाधार बारिश ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भारी तबाही मचा दी। कुछ ही मिनटों में मौसम का मिजाज इतना बिगड़ा कि शहर की रफ्तार थम गई। चारों तरफ पेड़ गिरने, बिजली पोल टूटने और जलभराव की तस्वीरों ने प्रशासन की तैयारियों की पोल खोल दी।

तूफान से मची तबाही

तेज आंधी और बारिश के चलते पूरे क्षेत्र में करीब 400 पेड़ उखड़कर सड़क और गलियों पर गिर गए। दादरी, दनकौर, रबूपुरा और जेवर जैसे इलाकों में हालात और भी खराब रहे, जहां करीब 210 बिजली पोल टूटकर गिर गए और 72 ट्रांसफॉर्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कई जगह हाईटेंशन लाइनें भी टूट गईं। जिससे बड़े हिस्से में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

सड़कें बनी तालाब, जाम में फंसी जिंदगी

बारिश के बाद नोएडा के सेक्टर-87 से लेकर सेक्टर-122 तक सड़कों पर दो फीट तक पानी भर गया। अंडरपास और मुख्य मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गए, जिससे वाहन बीच रास्ते में ही फंस गए। कई जगह घंटों लंबा जाम लग गया और लोग परेशान होकर सड़कों पर फंसे रहे।

नोएडा में इंजीनियर युवराज मेहता की जान बचाने की कोशिश करने वाला डिलीवरी बॉय गिरफ्तार, जानें क्यों?

ग्रेटर नोएडा में बड़ा हादसा टला

ग्रेटर नोएडा के एनएच-91 पर लुहारली टोल प्लाजा के पास प्राधिकरण का भारी बोर्ड तेज हवा में टूटकर हाईवे पर गिर पड़ा। इस घटना से लंबा जाम लग गया और एक लग्जरी कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। एंबुलेंस तक जाम में फंस गई। जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।

प्रशासन की तैयारी पर सवाल

शहर में जगह-जगह नालियां चोक होने से पानी की निकासी नहीं हो सकी। लोगों ने बताया कि हर बारिश में यही हाल होता है, लेकिन समय रहते कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला जाता।

अगले पांच दिनों का मौसम अपडेट

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। 6 और 7 जून को कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। जिससे उमस बनी रह सकती है। 8 जून से मौसम साफ होने लगेगा और 9 जून तक अधिकतर इलाकों में तेज धूप निकलने की संभावना है, हालांकि हल्की हवाएं कुछ राहत देंगी।

Location :  Noida

Published :  5 June 2026, 6:20 AM IST

Advertisement