Ghazipur Weather: आंधी का कहर: 40 लाख का पीपापुल बहा, हफ्तेभर ठप रहेगा आवागमन

गाजीपुर जनपद के मुहम्मदाबाद क्षेत्र में बुधवार शाम आई तेज आंधी ने भारी नुकसान पहुंचाया। फिरोजपुर-बारा (कारोवीर) के बीच गंगा नदी पर बना करीब 40 लाख रुपये की लागत का पीपापुल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 30 April 2026, 4:57 PM IST

Ghazipur: गाजीपुर जनपद के मुहम्मदाबाद क्षेत्र में बुधवार शाम आई तेज आंधी ने भारी नुकसान पहुंचाया। फिरोजपुर-बारा (कारोवीर) के बीच गंगा नदी पर बना करीब 40 लाख रुपये की लागत का पीपापुल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुल में लगे 99 में से 88 पीपे बहकर अलग हो गए, जिससे गंगा पार आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है।

मरम्मत कार्य शुरू

गुरुवार को संबंधित विभाग और ठेकेदार की टीम ने मरम्मत कार्य शुरू किया, लेकिन नाव की उपलब्धता न होने के कारण काम आगे नहीं बढ़ सका। अधिकारियों के अनुसार पुल को दुरुस्त करने में लगभग एक सप्ताह का समय लग सकता है, तब तक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

किसानों पर पड़ा सबसे ज्यादा असर

गंगा के उत्तर में फिरोजपुर बांड़ और दक्षिण में बारा गांव स्थित है। बारा गांव के सैकड़ों किसानों की करीब एक हजार एकड़ से अधिक कृषि भूमि गंगा पार फिरोजपुर के पास है। किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने के लिए इस पीपापुल पर निर्भर रहना पड़ता था।

रोजमर्रा के कामकाज पर असर

स्थानीय किसानों-मुहम्मद शाहिद खां (सोनू), मकसूद खां, फय्याज खां, मुनीर खां, नसीर खां, राही मकसूद, राशिद खां, इम्तियाज खां, मुमताज खां और नासिर खां सहित अन्य लोगों—को दिन में कई बार गंगा पार करनी पड़ती है। पुल बह जाने से उनके कृषि कार्य और रोजमर्रा की गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं।

प्रशासन से जल्द समाधान की मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पुल की मरम्मत कराने और वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि आवागमन बहाल हो सके और किसानों को राहत मिल सके।

Location :  Storm Wreaks Havoc in Ghazipur: Pontoon Bridge Worth ₹40 Lakh Swept Away; Commute to Remain Halted for a Week

Published :  30 April 2026, 4:17 PM IST