
नीशू आजाद के घर पर हुआ पथराव (Image: Social Media)
Ghaziabad News: गाजियाबाद के शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में रहने वाली यूट्यूबर और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की कार्यकर्ता नीशू आजाद के घर पर पथराव हुआ है। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने रात के समय उनके घर को निशाना बनाकर पत्थर फेंके। जिनमें से कई पत्थर घर की बालकनी तक जा पहुंचे। अचानक हुए इस हमले से परिवार के लोग डर गए।
नीशू आजाद के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11 बजे कुछ लोगों ने उनके घर की तरफ पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। उस समय परिवार के लोग घर के अंदर मौजूद थे। अचानक हुए पथराव से सभी घबरा गए। नीशू का कहना है कि पत्थर इतनी दूर तक आए कि वह घर की बालकनी में जाकर गिरे। घटना के बाद नीशू आजाद ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पूरी जानकारी दी। उन्होंने वीडियो के जरिए दिल्ली और गाजियाबाद पुलिस से अपने माता-पिता और परिवार की सुरक्षा की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना से परिवार में डर का माहौल बना हुआ है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद शालीमार गार्डन थाना पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को देखा जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने और पथराव करने वाले लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नीशू आजाद, सामाजिक कार्यकर्ता संजय आजाद की बेटी हैं। संजय आजाद के घायल होने से जुड़े मामले के बाद उनका परिवार पहले भी चर्चा में रहा है। इसी मामले में दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज को गिरफ्तार किया था। फिलहाल नीशू आजाद के घर हुए कथित पथराव को लेकर पुलिस जांच जारी है। वहीं परिवार ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है।
Location : Ghaziabad
Published : 6 September 2026, 2:21 PM IST