कोडीन कफ सिरप तस्करी पर STF का शिकंजा: वाराणसी से आरोपी गिरफ्तार, करोड़ों के अवैध कारोबार का खुलासा

एसटीएफ उत्तर प्रदेश ने वाराणसी से कोडीन युक्त फेन्सेडिल कफ सिरप के अवैध भंडारण और तस्करी में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी करोड़ों रुपये की दवाओं की फर्जी बिक्री दिखाकर उन्हें नशे के रूप में ऊंचे दामों पर बेचता था।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 15 February 2026, 10:00 AM IST

Varanasi: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने नशे के रूप में इस्तेमाल होने वाली कोडीन युक्त फेन्सेडिल कफ सिरप के अवैध भंडारण और कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को वाराणसी से गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी 14 फरवरी 2026 को की गई।

एसटीएफ के अनुसार आरोपी लंबे समय से प्रतिबंधित दवाओं की खरीद-फरोख्त कर उन्हें विभिन्न राज्यों और सीमापार भेजने में शामिल था।

कहां हुई गिरफ्तारी?

उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स टीम ने काशीधाम के पास हरहुआ रिंगरोड, थाना बड़ागांव, वाराणसी से अमित कुमार यादव को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी दोपहर लगभग 3:30 बजे की गई। आरोपी के पास से आधार कार्ड, पैन कार्ड, एक आईफोन मोबाइल और 5,120 रुपये नकद बरामद हुए हैं।

बलिया में सत्य प्रकाश हत्याकांड में बड़ा अपडेट: पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाशों का हुआ बुरा हाल, चार गिरफ्तार

करोड़ों की कफ सिरप की खरीद-फरोख्त

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपनी फर्म जी.एल. सर्जिकल, सप्तसागर दवा मंडी, वाराणसी के माध्यम से रांची स्थित शैली ट्रेडर्स से लगभग एक लाख बोतल कोडीन युक्त फेन्सेडिल कफ सिरप खरीदी थी। इसकी अनुमानित कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। कागजों में फर्जी बिक्री दर्शाकर इन दवाओं को तस्करों के माध्यम से ऊंचे दामों पर बेचा जाता था।

कई राज्यों और बांग्लादेश तक सप्लाई

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि यह नेटवर्क उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, असम, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश तक फैला हुआ है। पश्चिम बंगाल और सीमावर्ती इलाकों में कोडीन युक्त कफ सिरप की मांग अधिक होने के कारण इसकी तस्करी में भारी मुनाफा कमाया जा रहा था।

एटा में एसएसपी का एक्शन: कांवड़ रूट पर लापरवाही पड़ी भारी, दो पुलिसकर्मी निलंबित

संयुक्त जांच समिति का गठन

प्रदेश सरकार के निर्देश पर एसटीएफ और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रसाधन विभाग की संयुक्त जांच समिति पहले से ही इस नेटवर्क की जांच कर रही थी। इससे पूर्व लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में इस संबंध में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। उसी जांच के क्रम में यह गिरफ्तारी की गई है।

आपराधिक इतिहास भी आया सामने

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वाराणसी के विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर धाराएं शामिल हैं। पुलिस अब उसके अन्य सहयोगियों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है।

आगे की कार्रवाई जारी

एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Location : 
  • Varanasi

Published : 
  • 15 February 2026, 10:00 AM IST