
एटा में सड़क हादसा
Etah : उत्तर प्रदेश के एटा जनपद में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। थाना मलावन क्षेत्र के सकीट–आसपुर मार्ग पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले पेड़ से टकराई और फिर खाई में जा गिरी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोग गुरुग्राम से शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। देर रात हुए इस हादसे ने परिवारों में कोहराम मचा दिया। मृतक और घायल सभी मैनपुरी जनपद के थाना कुरावली क्षेत्र के एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
Raebareli Murder Case: भदोखर में खौफनाक मामले का खुलासा, पढ़ें रायबरेली की ये चौंकाने वाली खबर
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
एक ही क्षेत्र के तीन लोगों की मौत की खबर से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
Location : Etah
Published : 7 February 2026, 1:37 PM IST
Topics : etah news Road Accident UP News