मैनपुरी में महंगाई के खिलाफ सड़क पर उतरीं सपा महिलाएं: सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

मैनपुरी में बढ़ती महंगाई के खिलाफ समाजवादी पार्टी महिला मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया। सपा महिला कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कीमतों में राहत की मांग की।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 9 June 2026, 1:39 PM IST

Mainpuri: मैनपुरी में बढ़ती महंगाई ने एक बार फिर सियासी माहौल गर्म कर दिया है। पेट्रोल, डीजल और एलपीजी सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों के खिलाफ समाजवादी पार्टी महिला मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार पर निशाना साधा। सपा महिला जिला अध्यक्ष ज्योति मैसी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़क पर उतरीं और सरकार विरोधी नारों के साथ अपना आक्रोश जाहिर किया।

महिलाओं का सड़क पर प्रदर्शन

प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर बीजेपी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिलाओं ने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई ने आम जनता का जीना मुश्किल कर दिया है, खासकर गृहणियों के घरेलू बजट पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ा है।

पहले दिखाया नौकरी का सपना और फिर ठग लिए लाखों, मैनपुरी में ANM भर्ती के नाम पर बड़ा खेल

एलपीजी और पेट्रोल-डीजल पर फूटा गुस्सा

प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे रसोई का खर्च असहनीय हो गया है। वहीं पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों ने परिवहन महंगा कर दिया है, जिसका असर सीधे बाजार में रोजमर्रा की चीजों पर पड़ रहा है।

राष्ट्रपति के नाम सौंपा गया ज्ञापन

सपा महिला मोर्चा ने प्रदर्शन के दौरान महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन जिला अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में महंगाई पर तुरंत नियंत्रण लगाने, गैस और ईंधन के दाम कम करने और आम जनता को राहत देने की मांग की गई।

मैनपुरी में बड़ा भूमि घोटाला: फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर कृषि भूमि बेच दिया

सरकार पर तीखा हमला

महिला मोर्चा ने आरोप लगाया कि सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण आम जनता पर लगातार बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही महंगाई पर रोक नहीं लगी तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Location :  Mainpuri

Published :  9 June 2026, 1:39 PM IST