
चुनाव में सपा का परचम सोर्स डाइनामाइट न्यूज
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 में समाजवादी पार्टी ने शानदार जीत दर्ज की है। सपा प्रत्याशी डॉ. मान सिंह यादव को विजयी घोषित कर दिया गया है। अंतिम परिणाम में डॉ. मान सिंह यादव को कुल 60 हजार 358 वोट मिले, जबकि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर को 32 हजार 695 मत प्राप्त हुए। इस तरह डॉ. मान सिंह यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी को 27 हजार 663 मतों के बड़े अंतर से शिकस्त दी। जीत के बाद निर्वाचन अधिकारी ने सपा प्रत्याशी को प्रमाण पत्र प्रदान किया। बुंदेलखंड महाविद्यालय के कोठारी हॉल में मतगणना की प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई।
झांसी में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन की मतगणना पूरी होने के बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिया गया है। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. मान सिंह यादव ने निर्णायक बढ़त के साथ जीत हासिल की। अंतिम परिणाम के मुताबिक डॉ. मान सिंह यादव को 60 हजार 358 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर को 32 हजार 695 वोट मिले। दोनों प्रत्याशियों के बीच जीत का अंतर 27 हजार 663 मत रहा। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी शिवशंकर पटेल को 3 हजार 949 वोट प्राप्त हुए।
मतगणना के दौरान कुल 1 लाख 9 हजार 482 मतपत्रों की गिनती की गई। इनमें 9 हजार 596 मतपत्र अस्वीकृत घोषित किए गए। मतगणना की पूरी प्रक्रिया 14 टेबलों पर नौ चक्रों में संपन्न कराई गई। मतपेटियों से मतपत्र निकालने से लेकर उनकी गिनती, प्रत्याशीवार मतों के मिलान और अवैध मतपत्रों की जांच तक निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों का पालन किया गया। अधिकारियों ने मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती।
मतगणना के दौरान प्रेक्षक एवं रिटर्निंग ऑफिसर मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर जिलाधिकारी गौरांग राठी मौजूद रहे। मतों की गिनती और मिलान की प्रक्रिया निर्वाचन अधिकारियों की निगरानी में पूरी कराई गई। अवैध और त्रुटिपूर्ण मतपत्रों की जांच भी अधिकारियों द्वारा की गई। मतगणना के दौरान जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाई गई शंकाओं और समस्याओं का नियमानुसार निस्तारण किया गया।
परिणाम घोषित होने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर एवं मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने डॉ. मान सिंह यादव को जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया। उन्होंने चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने में सहयोग देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार जताया।
इस दौरान जिलाधिकारी गौरांग राठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।फिलहाल इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन में डॉ. मान सिंह यादव की जीत के साथ मतगणना की प्रक्रिया संपन्न हो गई है। सपा प्रत्याशी ने भाजपा प्रत्याशी को 27 हजार 663 मतों से हराकर विधान परिषद की इस चुनावी लड़ाई में जीत दर्ज की है।
Location : Jhansi
Published : 28 October 2026, 6:06 PM IST