मुजफ्फरनगर पहुंचे सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, ‘चवन्नी’ वाले बयान से गरमाया सियासी माहौल

2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने पश्चिमी यूपी में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल बुधवार को मुजफ्फरनगर पहुंचे। यहां उन्होंने अखिलेश यादव के ‘चवन्नी’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सपा ने चवन्नी को रुपया बनाने का काम किया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 20 August 2026, 12:58 AM IST

Muzaffarnagar News: विधानसभा चुनाव 2027 से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सियासी हलचल तेज होती दिख रही है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल बुधवार को मुजफ्फरनगर पहुंचे तो कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। लेकिन दौरे के दौरान उनके एक बयान ने राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे दी। अखिलेश यादव के लोकदल प्रमुख जयंत चौधरी को लेकर दिए गए ‘चवन्नी’ वाले बयान पर श्यामलाल पाल ने पलटवार करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने कई ऐसे लोगों को राजनीति में आगे बढ़ाया, जो कभी चवन्नी की स्थिति में थे और पार्टी ने उन्हें रुपया बनाने का काम किया।

अहिल्याबाई चौक पर किया माल्यार्पण

मुजफ्फरनगर पहुंचने के बाद श्यामलाल पाल ने अहिल्याबाई चौक स्थित लोकमाता अहिल्याबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान सपा शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष सतेंद्र पाल ने समर्थकों के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष पुरकाजी पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और मीडिया से बातचीत की।

‘सपा ने चवन्नी को रुपया बनाया’

मीडिया से बातचीत के दौरान श्यामलाल पाल से अखिलेश यादव के ‘चवन्नी’ वाले बयान को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने ऐसे लोगों को राजनीति में आगे बढ़ाने का काम किया, जो कभी सामाजिक और राजनीतिक रूप से हाशिए पर थे। उन्होंने कहा कि जिन्हें राजनीति की एबीसीडी तक नहीं आती थी, उन्हें सपा ने पहले चवन्नी, फिर अठन्नी और उसके बाद रुपया बनाने का काम किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने ऐसे लोगों को विधानसभा और संसद तक पहुंचाया और किसानों व मजदूरों की आवाज उठाने वाला नेता बनाया। उनके इस बयान के बाद पश्चिमी यूपी की राजनीति में बयानबाजी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

‘समाजवादी पार्टी राजनीति की नर्सरी’

श्यामलाल पाल ने समाजवादी पार्टी को राजनीति की नर्सरी बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अलग-अलग समाज के लोगों को राजनीति में आगे बढ़ने का अवसर दिया है। पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि सेक्टर, बूथ और जोन स्तर के कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद किया जा रहा है। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि दोनों नफरत की राजनीति कर रहे हैं। साथ ही रोजगार और लोगों के खातों में पैसे भेजने जैसे वादों को लेकर भी उन्होंने सवाल खड़े किए।

अति पिछड़ों को जोड़ने पर सपा का फोकस

सपा शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष सतेंद्र पाल ने कहा कि उनका लक्ष्य अति पिछड़े वर्ग के लोगों को समाजवादी पार्टी से जोड़ना है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के समर्थन से प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी। ओमप्रकाश राजभर के बयानों पर तंज कसते हुए सतेंद्र पाल ने कहा कि राजभर की बात को कौन गंभीरता से ले रहा है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि मुजफ्फरनगर में जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष का बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  20 August 2026, 12:25 AM IST