
सपा लोहिया वाहिनी प्रदेश अध्यक्ष को पुलिस ने रोका
Fatehpur: फतेहपुर के अजरौली पल्लावा गांव में बुजुर्ग की हत्या के मामले ने राजनीतिक रंग पकड़ लिया है। मंगलवार को सपा लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामकरन निर्मल पीड़ित परिवार से मिलने फतेहपुर आ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें नौबस्ता पक्का पुल के पास रोक दिया। रायबरेली से आ रहे सपा नेता को हथगाम और सुल्तानपुर घोष पुलिस ने रोककर गांव जाने से मना कर दिया।
गौरतलब है कि 26 अगस्त की रात श्याम पांडेय ने धारदार हथियार से 65 वर्षीय केशपाल सिंह पटेल की हत्या कर दी थी। हमले में रिटायर्ड सिपाही वीरभवन सिंह और किसान रामलखन सिंह गंभीर रूप से घायल हुए थे। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
प्रदेश अध्यक्ष के साथ मौजूद कार्यकर्ताओं ने रोकने पर सरकार विरोधी नारेबाजी की। पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया। डॉ. निर्मल का कहना था कि वे केवल पीड़ित परिवार का दुख साझा करने जा रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस-प्रशासन विपक्षी नेताओं को रोककर सच्चाई छिपाने की कोशिश कर रहा है।
वहीं प्रशासन का कहना है कि गांव की स्थिति संवेदनशील है। नेताओं और बड़े दलों के पहुंचने से माहौल बिगड़ने का अंदेशा है, इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से रोक लगाई गई है।
इस घटना के बाद से अजरौली गांव और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
Location : Fatehpur
Published : 3 September 2025, 1:29 AM IST
Topics : Azrauli Fatehpur Lohia Vahini President Samajwadi Party