बेटे की भविष्यवाणी निकली गलत, 81 वर्षीय पुजारी की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा

मुजफ्फरनगर में बेटे के जन्म की भविष्यवाणी गलत होने पर पुजारी की हत्या के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। दो तमंचे और बाइक बरामद हुई है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 16 October 2026, 4:45 PM IST
google-preferred

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में बेटे के जन्म की भविष्यवाणी गलत होने पर 81 वर्षीय मंदिर के पुजारी की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, भौराकलां थाना क्षेत्र में 13 अक्टूबर को हुई इस वारदात में कथित तौर पर शामिल पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान हाशिम और उसके बेटे जीशान के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद करने की बात कही है।

13 अक्टूबर को मंदिर परिसर में हुई थी हत्या

पुलिस के अनुसार आईटीआई कॉलेज के पास स्थित शिव मंदिर के पुजारी स्वामी देवानंद भारती की 13 अक्टूबर को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से गांव के निवासी हरेंद्र की तस्वीर भी बरामद हुई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए तीन टीमें गठित की थीं।

बेटे की भविष्यवाणी गलत होने पर हुआ था विवाद

पुलिस पूछताछ के अनुसार, करीब डेढ़ महीने पहले जीशान की पत्नी ने बच्ची को जन्म दिया था। आरोप है कि इससे पहले पुजारी स्वामी देवानंद भारती ने बेटे के जन्म की भविष्यवाणी की थी। भविष्यवाणी गलत होने के बाद हाशिम और जीशान का पुजारी से विवाद हो गया था।

पुलिस के मुताबिक, पिता-पुत्र का गांव के ही हरेंद्र से भी विवाद था। आरोप है कि दोनों ने पुजारी की हत्या कर इस मामले में हरेंद्र को फंसाने की साजिश रची थी।

घटनास्थल पर फेंकी थी पड़ोसी की तस्वीर

पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने कथित तौर पर पड़ोसी की तस्वीर हासिल कर उसे घटनास्थल पर फेंक दिया था, ताकि जांच की दिशा हरेंद्र की ओर मुड़ जाए। हालांकि, तकनीकी सहायता और अन्य सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बरामद किए दो तमंचे और बाइक

एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडिक ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तीन टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए हाशिम और जीशान को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 315 बोर के दो तमंचे, कुछ जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई ग्लैमर बाइक बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने पुजारी से हुए विवाद और हरेंद्र को फंसाने की साजिश के बारे में बताया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Muzzafarnagar

Published :  16 October 2026, 4:45 PM IST

Advertisement