
हाईवे पर जुटी लोगों की भीड़
Maharajganj: सोनौली कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग 24 पर कुन्सेरवां स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास नेपाल के लुंबिनी से श्रावस्ती जा रही एक टूरिस्ट बस ने साइकिल सवार इब्राहिम अंसारी (45) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस तेज रफ्तार में थी और फ्लाईओवर के पास सड़क संकरी होने के कारण हादसा हुआ। हादसे के बाद चालक बस लेकर भागने की कोशिश में था, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर छपवा टोल प्लाजा के पास बस को पकड़ लिया।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर हाईवे जाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा दिया जाए और बस चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। यात्रियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया जा सका।
पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। बस में कुल 48 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
यह हादसा एक बार फिर निर्माणाधीन फ्लाईओवर और हाईवे पर यातायात व्यवस्था की पोल खोलता नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा इंतजाम पुख्ता किए गए होते तो शायद एक जान बचाई जा सकती थी।
Location : Maharajganj
Published : 22 February 2026, 12:46 PM IST
Topics : Lumbini Tourist Bus Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) NH 24 Crash road safety uttar pradesh