सोनभद्र में सपा कार्यकर्ताओं ने स्वर्ण जयंती चौक पर प्रदर्शन कर सरकार पर साधु-संतों के अपमान, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और महिला अपराधों का आरोप लगाया। सपा ने 2027 में सरकार बदलने का आह्वान किया।

सपा कार्यकर्ताओं ने स्वर्ण जयंती चौक पर किया प्रदर्शन
Sonbhadra: जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को स्वर्ण जयंती चौक पर प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, अधर्म, अनीति और दुराचार के विरोध में 27 शंख बजाकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने किया। बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उसे जनविरोधी करार दिया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रमोद यादव ने प्रयागराज में छोटे बटुकों की कथित पिटाई की घटना का जिक्र किया। उन्होंने इसे 'इतिहास का काला अध्याय' बताते हुए कहा कि यह घटना साधु-संतों और सनातन परंपराओं के अपमान का प्रतीक है। यादव ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन ने छोटे ब्राह्मणों की शिखा पकड़कर उन्हें पीटा, जो कभी भुलाया नहीं जा सकेगा और इतिहास में काले अक्षरों में लिखा जाएगा।
Sonbhadra News: मारुति वैगनआर में छुपा था करोड़ों का राज, दुद्धी में पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप
सपा जिला सचिव ने भाजपा सरकार पर समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सत्ता में बने रहने के लिए सरकार जाति से जाति को लड़ाने का काम कर रही है। पहले हिंदू-मुसलमान को लड़ाया गया और अब हिंदू-हिंदू को आपस में भिड़ाने का प्रयास किया जा रहा है। यादव ने कहा कि ऐसी राजनीति समाज में जहर घोलने का काम कर रही है।
सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
प्रमोद यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई लगातार बढ़ रही है, युवा बेरोजगारी से परेशान हैं और महिला अपराधों में चिंताजनक वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि नौजवानों को रोजगार देने के बजाय उन्हें पीटा जा रहा है। प्रदेश में युवाओं का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है।
सपा नेताओं ने माघ मेले के दौरान साधु-संतों के कथित अपमान का मुद्दा भी उठाया। प्रमोद यादव ने कहा कि यह सरकार की ‘सनातन विरोधी’ नीति का प्रमाण है। उन्होंने आरोप लगाया कि साधु-संतों के सम्मान की बातें करने वाली सरकार ही उनके अपमान की घटनाओं को अंजाम दे रही है।
प्रदर्शन के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार पर युवाओं के खिलाफ नियम-कानून बनाने का आरोप भी लगाया गया। प्रमोद यादव ने यूजीसी कानून का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे नियम युवाओं में भ्रम और आक्रोश पैदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के बीच जहर घोल रही है।
Sonbhadra News: अवैध पैथोलॉजी सेंटर चार दिन में दोबारा खुले, विभाग की सख्ती पर सवाल
सपा नेताओं ने 'शंखनाद' और 'उद्घोष' के माध्यम से 2027 में भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का आह्वान किया। प्रमोद यादव ने युवाओं, किसानों, पीडीए समाज और महिला शक्ति से एकजुट होकर बदलाव की लड़ाई लड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है।
इस मौके पर पूर्व नगर उपाध्यक्ष सुरेश अग्रहरी, कमलेश यादव, गोपाल गुप्ता सहित समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए 2027 में सत्ता परिवर्तन का संकल्प लिया।