Sonbhadra News: नहाने गया युवक नदी में डूबा, जाने कैसे हु्आ हादसा

सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र में सोन नदी के छठ घाट पर नहाने के दौरान एक युवक के डूबने से हड़कंप मच गया। राजस्थान निवासी 35 वर्षीय युवक चप्पल पकड़ने के प्रयास में गहरे पानी में चला गया। पुलिस और गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी है, जबकि SDRF को भी सूचना दे दी गई है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 16 April 2026, 4:44 PM IST

Sonbhadra: उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने मौके पर मौजूद लोगों को हिला कर रख दिया। सोन नदी स्थित छठ घाट पर नहाने के दौरान एक युवक अचानक गहरे पानी में समा गया और देखते ही देखते लापता हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डूबे युवक की पहचान 35 वर्षीय जितेंद्र पुत्र रामेश्वर लाल, निवासी चाचीवाद वड़ा, थाना फतेहपुर, जिला सीकर (राजस्थान) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने भाई और एक अन्य साथी के साथ घाट पर नहाने गया था।

नहाते समय उसकी चप्पल पानी में बहने लगी। उसे पकड़ने के प्रयास में वह आगे बढ़ता गया और अनजाने में गहरे पानी में पहुंच गया। कुछ ही पलों में वह संतुलन खो बैठा और नदी में डूब गया। यह सब इतनी तेजी से हुआ कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही युवक पानी में गायब हो चुका था।

वाहन खराब होने के बाद चोपन पहुंचे थे युवक

जानकारी के मुताबिक, जितेंद्र अपने भाई के साथ वाहन से यात्रा कर रहा था, तभी मारकुंडी क्षेत्र में उनका वाहन खराब हो गया। इसके बाद वे वाहन खड़ा कर मिस्त्री लाने के लिए चोपन की ओर आए थे। इसी दौरान समय बिताने और गर्मी से राहत पाने के लिए वे सोन नदी के छठ घाट पर पहुंच गए और नहाने का फैसला किया। लेकिन यह सामान्य सा निर्णय कुछ ही मिनटों में एक बड़े हादसे में बदल गया।

देवघर में पुरोहितों की हुंकार, मंदिर में बाबा के VIP दर्शन के नाम पर नहीं चलेगा खेल

घटना के बाद साथ मौजूद लोगों ने शोर मचाया और युवक को बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण वे सफल नहीं हो सके। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घाट पर इकट्ठा हो गए।

पुलिस और SDRF की टीम तलाश में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी है। इसके साथ ही SDRF टीम को भी सूचना दे दी गई है, ताकि आधुनिक संसाधनों के जरिए युवक का जल्द पता लगाया जा सके। फिलहाल सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।

Sonbhadra: वेदांता प्लांट विस्फोट में तीन मजदूरों की मौत, जानिये पूरा अपडेट

स्थानीय लोगों का कहना है कि सोन नदी के इस छठ घाट पर कई जगहों पर अचानक गहराई बढ़ जाती है, जो बाहर से सामान्य दिखती है लेकिन अंदर बेहद खतरनाक होती है। ऐसे में यहां नहाते समय जरा सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

यह हादसा एक बार फिर सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर करता है। प्रशासन और स्थानीय लोगों ने भी अपील की है कि नदी या घाट पर नहाते समय सतर्क रहें और गहराई वाले क्षेत्रों से दूर ही रहें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Location :  Sonbhadra

Published :  16 April 2026, 4:44 PM IST