छह महीने की चुप्पी अब गूंजेगी हड़ताल में: यूपी के 80 हजार कोटेदार तीन दिन के लिए ठप करेंगे राशन व्यवस्था

उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की रीढ़ माने जाने वाले कोटेदार अब खुद अपने हक के लिए आंदोलन की राह पर हैं। प्रदेशभर के लगभग 80 हजार कोटेदार 20 जुलाई से तीन दिवसीय हड़ताल पर चले गए हैं, जिससे राज्य में नि:शुल्क राशन वितरण पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 20 July 2025, 3:08 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की रीढ़ माने जाने वाले कोटेदार अब खुद अपने हक के लिए आंदोलन की राह पर हैं। प्रदेशभर के लगभग 80 हजार कोटेदार 20 जुलाई से तीन दिवसीय हड़ताल पर चले गए हैं, जिससे राज्य में नि:शुल्क राशन वितरण पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।

लाभांश की बाट जोहते थक गए कोटेदार

पिछले छह महीनों से लंबित लाभांश की मांग को लेकर कोटेदारों के सब्र का बांध अब टूट गया है। उत्तर प्रदेश सस्ता गल्ला विक्रेता परिषद के नेतृत्व में कोटेदारों ने 20, 21 और 22 जुलाई को पूर्ण हड़ताल की घोषणा की है। इस दौरान राज्यभर के राशन डीलर राशन का वितरण नहीं करेंगे। परिषद के अध्यक्ष अशोक कुमार मेहरोत्रा का कहना है कि शासन की अनदेखी के चलते कोटेदार आर्थिक संकट में हैं, और उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही।

“200 रुपये प्रति कुंतल दो” की मांग

कोटेदारों की मांग है कि उन्हें भी अन्य राज्यों की तरह लाभांश मिले। प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश सिंह गोलू के मुताबिक, दिल्ली, हरियाणा और गोवा जैसे राज्यों में कोटेदारों को 200 रुपये प्रति कुंतल का लाभांश दिया जा रहा है, लेकिन यूपी में अब भी इस मुद्दे पर सरकार मौन है। उन्होंने कहा कि अगर इस मांग को गंभीरता से नहीं लिया गया तो अनिश्चितकालीन हड़ताल भी हो सकती है।

वितरण कार्यक्रम पर संकट

गौरतलब है कि अगस्त माह के नि:शुल्क राशन वितरण की शुरुआत 20 जुलाई से 10 अगस्त तक तय है। हड़ताल के कारण जिन कार्डधारकों को पहले दिन राशन मिलना था, उन्हें अब इंतजार करना पड़ेगा। वहीं जिन लोगों का आधार प्रमाणीकरण नहीं हो पाया, उन्हें 10 अगस्त को मोबाइल ओटीपी के जरिए राशन दिया जाना है। ऐसे में इस हड़ताल से प्रदेश के लाखों गरीब परिवारों की राशन की थाली अधर में लटक सकती है।

दादाजी के जमाने के स्कूटर की वापसी, 41 साल पहले मचाया था बवाल, जानें कब होगा लॉन्च

प्रशासन को दी चेतावनी

हड़ताल से पहले कोटेदारों ने प्रदेशभर में डीएसओ और अन्य संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंप कर चेतावनी भी दी है कि यदि सरकार ने जल्द कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो वे धरना-प्रदर्शन और लंबी लड़ाई के लिए तैयार हैं।

दो साल तक Gmail नहीं खोला तो हो सकता है बड़ा नुकसान, Google की नई पॉलिसी ने मचाई हलचल!

Location :  Lucknow

Published :  20 July 2025, 3:08 PM IST