हिंदी
पुलिस और ग्रामीणों के बीच पथराव (IMG: Dynamite News)
Deoria: गौरी बाजार थाना क्षेत्र के लबकनी गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा हटाने के दौरान हुई पत्थरबाजी की घटना के बाद शनिवार को हालात सामान्य तो दिखे, लेकिन गांव में तनाव का माहौल अभी भी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। गांव की गलियों में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा, ज्यादातर लोग अपने घरों में ही रहे और एहतियात के तौर पर पुलिस तथा पीएसी के जवान लगातार गश्त करते रहे। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति दोबारा पैदा न हो।
शनिवार को लबकनी गांव की आंतरिक गलियों में सामान्य दिनों जैसी चहल-पहल नहीं दिखी। गांव की अधिकांश गलियां सुनसान नजर आईं। स्थानीय लोगों के अनुसार, कई घरों में सिर्फ महिलाएं मौजूद थीं, जबकि घटना में नामजद या संदिग्ध बताए जा रहे कई पुरुष सदस्य गांव से बाहर चले गए हैं। हालांकि, दिन में समाज के एक स्थानीय नेता के गांव पहुंचने पर कुछ युवक थोड़ी देर के लिए बाहर निकले, लेकिन उनके जाने के बाद गांव में फिर से खामोशी छा गई।
पत्थरबाजी, विरोध और फिर भारी पुलिस बल… देवरिया के लवकनी गांव में आखिर क्या हुआ? जानिए पूरा मामला
जिस स्थान पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर विवाद हुआ था, वहां भी शनिवार को लोगों की आवाजाही बेहद कम रही। आंगनबाड़ी केंद्र के पास स्थित प्रतिमा स्थल के आसपास सन्नाटा पसरा रहा। बताया जा रहा है कि दलित बस्ती स्थित खलिहान की जमीन पर प्रतिमा स्थापित करने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। प्रशासन का कहना है कि बिना आवश्यक अनुमति प्रतिमा स्थापित नहीं की जा सकती थी, जिसके चलते उसे हटाया गया। वहीं, दूसरे पक्ष का कहना था कि प्रतिमा वहीं स्थापित की जाए।
घटना के बाद से गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और पीएसी के जवान लगातार गश्त कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रखा गया है। प्रशासन का उद्देश्य गांव में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।
पत्थरबाजी की घटना के संबंध में पुलिस ने गांव निवासी संजय कुमार की तहरीर पर मामला दर्ज किया है। एफआईआर में अर्जुन, राकेश उर्फ टुनटुन, अनिकेत, विकास, अनिल भारती, अंकुल सहित कई नामजद आरोपियों के अलावा 60 से 70 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। सभी के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आठ लोगों का शांतिभंग की आशंका में चालान किया है। साथ ही अन्य आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Deoria
Published : 1 August 2026, 5:19 PM IST