ग्रेटर नोएडा की बेटी सिद्धि कोचर ने अमेरिका में रचा इतिहास, यूपी का नाम पूरे विश्व में किया रोशन, जानें कैसे

ग्रेटर नोएडा की छात्रा सिद्धि कोचर ने अमेरिका के प्रतिष्ठित MIT में आयोजित RSI 2026 समर प्रोग्राम में भारत और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया। दुनिया भर से चुने गए 100 छात्रों में शामिल सिद्धि ने ब्रह्मांड की उत्पत्ति पर शोध किया और समापन प्रस्तुति में टॉप-5 छात्रों में जगह बनाकर 1000 अमेरिकी डॉलर का पुरस्कार जीता।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 13 August 2026, 3:13 PM IST

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा की एक बेटी ने ऐसी उपलब्धि हासिल की है, जिसने पूरे शहर और उत्तर प्रदेश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। शिव नादर स्कूल की छात्रा सिद्धि कोचर ने अमेरिका के प्रतिष्ठित मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी यानी MIT (बोस्टन) में आयोजित रिसर्च साइंस इंस्टीट्यूट (RSI) 2026 समर प्रोग्राम में अपनी जगह बनाई। खास बात यह है कि इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए दुनिया भर से सिर्फ 100 छात्रों का चयन हुआ था। इनमें 60 छात्र अमेरिका से और बाकी 40 छात्र दुनिया के अलग-अलग देशों से चुने गए थे।

ब्रह्मांड की उत्पत्ति पर किया हाई लेवल रिसर्च

RSI 2026 के दौरान सिद्धि ने बेहद जटिल और उच्चस्तरीय रिसर्च प्रोजेक्ट पर काम किया। उनका शोध ब्रह्मांड की उत्पत्ति यानी ‘Origin of Universe’ के मूल सिद्धांतों पर आधारित था। इस विषय पर शोध करना अपने आप में बड़ी चुनौती माना जाता है, क्योंकि इसमें ब्रह्मांड के निर्माण, उसकी शुरुआती परिस्थितियों और उससे जुड़े वैज्ञानिक सिद्धांतों को गहराई से समझने की जरूरत होती है। सिद्धि ने कार्यक्रम के दौरान अपनी वैज्ञानिक समझ और रिसर्च क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। उनके काम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेषज्ञों के सामने प्रस्तुत किया गया, जहां उन्होंने अपनी रिसर्च को प्रभावी तरीके से पेश किया।

रिसर्च प्रेजेंटेशन में टॉप-5 में जगह

कार्यक्रम के समापन पर आयोजित शोध प्रस्तुति सिद्धि के लिए सबसे खास पल लेकर आई। उनकी प्रस्तुति को शीर्ष पांच छात्रों में चुना गया। इस शानदार प्रदर्शन के लिए सिद्धि को विशेष सम्मान दिया गया और उन्हें 1000 अमेरिकी डॉलर का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया गया।

परिवार और स्कूल में खुशी का माहौल

सिद्धि की इस उपलब्धि से उनके परिवार, स्कूल और ग्रेटर नोएडा में खुशी का माहौल है। वह ग्रेटर नोएडा स्थित CRH ENT, MRI & Diagnostics के संस्थापक निदेशक डॉ. हरप्रीत सिंह कोचर और सह-निदेशक डॉ. रचना गर्ग की बेटी हैं। सिद्धि की उपलब्धि न सिर्फ उनके परिवार के लिए गर्व की बात है, बल्कि यह उन भारतीय छात्रों के लिए भी प्रेरणा है, जो विज्ञान और रिसर्च के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने का सपना देखते हैं।

Location :  Greater Noida

Published :  13 August 2026, 3:13 PM IST