
20 वर्षीय युवक की मौत सोर्स डाइनामाइट न्यूज
सिद्धार्थनगर: जिले के मोहाना थाना क्षेत्र के बेलौहा में आपसी विवाद के दौरान 20 वर्षीय युवक की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान लोटन थाना क्षेत्र के खखरा गांव निवासी भोलू (20 वर्ष), पुत्र बबलू के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, भोलू का बेलौहा निवासी एक व्यक्ति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान भोलू के सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलने पर मोहाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लोटन पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, युवक की मौत दोपहर करीब 2:35 बजे हो गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद, सदर क्षेत्राधिकारी विश्वजीत सौरयान, लोटन थाना अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, मोहाना थाना अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, उसका थाना अध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी और कपिलवस्तु थाना अध्यक्ष विनय प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए मामले की जांच-पड़ताल की।
पुलिस विवाद के कारणों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और विवाद ने हिंसक रूप कैसे लिया, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
युवक की मौत से परिजनों में शोक का माहौल है, जबकि घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। फिलहाल पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
Location : सिद्धार्थनगर
Published : 28 October 2026, 9:38 PM IST
Topics : Siddharthnagar news UP News UP Police