कानपुर में गरजे शंकराचार्य, बोले- गौ माता के सम्मान पर नहीं हो सकती राजनीति

ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गौ संरक्षण के मुद्दे को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों समेत विभिन्न राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि गौ माता की रक्षा की बात करना राजनीति नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, धर्म और संस्कृति की रक्षा का विषय है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 31 May 2026, 1:21 PM IST

Kanpur Dehat: ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गौ संरक्षण के मुद्दे को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों समेत विभिन्न राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि गौ माता की रक्षा की बात करना राजनीति नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, धर्म और संस्कृति की रक्षा का विषय है। उन्होंने कहा कि समाज और सरकार दोनों को गौ संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।

कानपुर देहात में हुआ गर्मजोशी से शंकराचार्य का स्वागत 

रविवार को कानपुर देहात के पुखरायां स्थित गौशाला एवं मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे शंकराचार्य का श्रद्धालुओं, संतों और गौभक्तों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने गौ माता के सम्मान और संरक्षण को लेकर विस्तार से अपने विचार रखे।

गौ रक्षा के मुद्दे पर बोले शंकराचार्य 

शंकराचार्य ने कहा कि कुछ लोग गौ रक्षा के मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि गाय भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि यदि अपनी जन्मदात्री मां की रक्षा करना राजनीति नहीं माना जाता, तो गौ माता की रक्षा के लिए आवाज उठाना भी राजनीति नहीं हो सकती।

सरकारों पर उठाए सवाल

उन्होंने सरकारों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता के वोटों से सत्ता में आने वाली सरकारें गाय को केवल एक पशु के रूप में देख रही हैं। उनका कहना था कि पूर्ववर्ती सरकारों से लोगों को गौ संरक्षण को लेकर शिकायतें थीं, लेकिन जिन लोगों ने स्वयं को गौभक्त और हिंदुत्व का समर्थक बताया, उनके शासनकाल में भी अपेक्षित सुधार देखने को नहीं मिला।

पश्चिम बंगाल की राजनीति पर बोले शंकराचार्य 

अपने संबोधन में शंकराचार्य ने पश्चिम बंगाल की राजनीति का भी उल्लेख किया और शुभेंदु अधिकारी के कथित बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यदि गाय को माता का दर्जा दिया जाता है तो उसके संरक्षण और सम्मान को लेकर स्पष्ट एवं प्रभावी नीति बनाई जानी चाहिए।

शंकराचार्य ने समाज से की अपील

अंत में उन्होंने समाज से गौ संरक्षण के लिए आगे आने की अपील करते हुए कहा कि आने वाले समय में गौ रक्षा का विषय एक बड़ा जन मुद्दा बनेगा और प्रत्येक व्यक्ति को इस दिशा में अपनी भूमिका निभानी होगी।

Location :  Kanpur Dehat

Published :  31 May 2026, 1:21 PM IST