हिंदी
पोस्टमार्टम के बाहर खड़े लोग व मृतक का फोटो
Sonbhadra: जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के मुरता गांव के पास ठेमा नदी पुल के नीचे एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत इतनी भयावह थी कि मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब चार बजे कुछ लोग ठेमा नदी के पास से गुजर रहे थे। तभी उनकी नजर पुल के नीचे पड़े एक शव पर पड़ी। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
कुछ ही देर में दुद्धी कोतवाली और म्योरपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव की पहचान महुअरिया गांव निवासी 26 वर्षीय समर सिंह के रूप में हुई। युवक की बड़ी बेरहमी से हत्या की गई थी। उसका सिर पत्थर से कुचला गया था, एक आंख फोड़ दी गई थी और गला भी काटा गया था। मौके पर टूटा हुआ चाकू भी मिला है। पुल के ऊपर से युवक की बाइक बरामद की गई।
परिजनों के मुताबिक समर सिंह मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बिना कुछ बताए घर से निकला था। उस समय घर में कच्चे मकान का निर्माण कार्य चल रहा था और परिवार के सभी लोग उसी काम में व्यस्त थे।
शाम तक जब समर घर नहीं लौटा तो परिवार को चिंता होने लगी। इसी बीच पुलिस से शव मिलने की सूचना मिली। खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार ने बताया कि समर सिंह की शादी करीब दो महीने पहले रासपहरी गांव में हुई थी। शादी के बाद परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। गांव में भी शोक और डर का माहौल बना हुआ है।
समर के भाइयों जय सिंह और धर्मसिंह ने बताया कि करीब पांच साल पहले उनके पिता के साथ भी मारपीट की घटना हुई थी। उस समय उन्हें नौडिहा गांव के जंगल में फेंक दिया गया था। मामले में पंचायत भी हुई थी।
पुलिस अब पुराने विवादों और युवक की गतिविधियों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया गया है।
Location : Sonbhadra
Published : 10 June 2026, 4:25 PM IST