हमीरपुर में सनसनी: खाना बनाने को लेकर विवाद, मां ने बच्चे संग खाई सल्फास

हमीरपुर में घरेलू विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया, जहां पत्नी ने अपने मासूम बेटे के साथ सल्फास खाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। दोनों की हालत गंभीर है और कानपुर में इलाज जारी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 27 April 2026, 2:35 AM IST

Hamirpur: हमीरपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली घरेलू विवाद ने अचानक खतरनाक रूप ले लिया। पति के खाना बनाने के लिए कहने भर से नाराज पत्नी ने ऐसा कदम उठा लिया, जिसने पूरे परिवार को हिला कर रख दिया। गुस्से में आकर महिला ने न सिर्फ खुद सल्फास की गोलियां खा लीं, बल्कि अपने मासूम बेटे को भी जहर दे दिया। दोनों की हालत बिगड़ने के बाद हड़कंप मच गया और आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

क्या है पूरा मामला

मामला मौदहा कोतवाली क्षेत्र के तिंदुही गांव का है। यहां रहने वाले मोहित कुशवाहा की शादी साल 2024 में बिवांर थाना क्षेत्र के टीहर गांव की रहने वाली 26 वर्षीय कीर्ति के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्तों में तनाव शुरू हो गया था। हालात इतने बिगड़ गए कि कीर्ति अपने मायके में जाकर रहने लगी और करीब डेढ़ साल तक वहीं रही।

पंचायत के बाद लौटी थी ससुराल

बताया जा रहा है कि करीब छह महीने पहले रिश्तेदारों और परिवार के लोगों ने पंचायत कर दोनों के बीच समझौता कराया था। इसके बाद कीर्ति दोबारा अपने ससुराल आकर रहने लगी थी। लेकिन अंदर ही अंदर तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ था।

रविवार सुबह हुआ विवाद

रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे मोहित काम पर जाने से पहले अपनी पत्नी से खाना बनाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कीर्ति ने गुस्से में आकर घर में रखी सल्फास की गोलियां खा लीं। इतना ही नहीं, उसने अपने एक साल के बेटे हिमांशु को भी सल्फास खिला दिया।

अस्पताल में मचा हड़कंप, कानपुर रेफर

घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तुरंत मां-बेटे को लेकर सीएचसी मौदहा पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी हालत नाजुक बनी रहने पर दोनों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर भेज दिया गया है। फिलहाल दोनों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

Location :  Hamirpur

Published :  27 April 2026, 2:35 AM IST