
अभिभावक-शिक्षक (Img : Dynamite News)
महराजगंज : फरेंदा शहर स्थित स्कॉलर्स एकेडमी में आयोजित अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) इस बार कई सामाजिक सरोकारों के साथ खास रही। विद्यार्थियों की अर्धवार्षिक परीक्षा के परिणाम साझा करने के साथ विद्यालय में मतदाता जागरूकता और सड़क सुरक्षा अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण अभिभावकों के लिए आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर रहा, जिसमें 500 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसडीएम फरेंदा प्रेम शंकर पांडेय ने किया। विद्यालय निदेशक अदनान अब्दुल्लाह और प्राचार्य डॉ. डीपी सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। एसडीएम ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें एकाग्रता के साथ पढ़ाई करने और जीवन में बेहतर मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
मतदाता जागरूकता अभियान के तहत एसडीएम प्रेम शंकर पांडेय ने विद्यार्थियों को मतदान के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिन युवाओं की आयु एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। नए मतदाता बनने की जानकारी मिलने पर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
महराजगंज में मेडिकल स्टोरों पर अचानक पहुंची टीम, दुकानदारों में मचा हड़कंप!
कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा को लेकर भी जागरूकता फैलाई गई। एसडीएम ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। साथ ही बिना ड्राइविंग लाइसेंस के किसी को भी वाहन न सौंपें। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने अभिभावकों को सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता पुस्तिकाएं वितरित कीं। मुख्य अतिथि ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास सामाजिक सरोकारों के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
पीटीएम में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 500 से अधिक अभिभावकों की जांच की गई। जांच के बाद जरूरत के अनुसार उन्हें आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गईं। शिविर में लाइफ केयर हॉस्पिटल के डॉक्टर आईएम अंसारी, डॉ. रूबी खान, डॉ. सिराज खान और डॉ. एजाज खान ने अपनी सेवाएं दीं।
अभिभावक-शिक्षक बैठक
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय निदेशक अदनान अब्दुल्लाह, उप प्राचार्य तुफैल खान, अकादमिक समन्वयक भुवनेश्वर उपाध्याय और शैलेश द्विवेदी तथा गतिविधि समन्वयक शाहनवाज खान और शक्ति श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
विद्यालय प्रबंधक सैयद अरशद ने अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्कॉलर्स एकेडमी भविष्य में भी शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करती रहेगी।
Location : Maharajganj
Published : 4 November 2026, 9:13 PM IST