हिंदी
गोरखपुर पुलिस ने किया खुलासा (Image: Social Media)
Gorakhpur News: सोशल मीडिया पर रिश्तों का भरोसा अब साइबर ठगों का नया हथियार बनता जा रहा है। चिलुआताल थाना क्षेत्र में एक साइबर ठग ने रिश्तेदार की फर्जी Instagram ID बनाकर भावनात्मक दबाव बनाया और दुर्घटना में घायल होने का झांसा देकर पैसे ऐंठ लिए। पीड़ित ने भरोसा कर 6,500 रुपये ट्रांसफर कर दिए, लेकिन शिकायत के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पूरी रकम वापस मिल गई।
पुलिस के मुताबिक, घटना 4 जनवरी 2026 की है। साइबर ठग ने पीड़ित के रिश्तेदार के नाम से फर्जी Instagram ID बनाई और उसे मैसेज भेजा। ठग ने बताया कि उसकी दीदी का एक्सीडेंट हो गया है और इलाज के लिए तुरंत पैसों की जरूरत है। पीड़ित को भरोसे में लेने के लिए ठग ने डॉक्टर के नाम से एक QR कोड भी भेजा और इलाज के लिए 14 हजार रुपये भेजने की बात कही। भावनात्मक स्थिति में आकर पीड़ित ने ठग के बताए QR कोड पर अपने पास मौजूद 6,500 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
रुपये भेजने के बाद जब पीड़ित ने अपने वास्तविक रिश्तेदार से संपर्क किया तो उसे पता चला कि दुर्घटना और पैसों की मांग से जुड़ी पूरी कहानी फर्जी थी। इसके बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही चिलुआताल पुलिस की साइबर टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने बैंकिंग चैनल से संपर्क कर MRM Portal के माध्यम से जरूरी कार्रवाई शुरू की। टीम के प्रयासों के बाद ठगी गई पूरी 6,500 रुपये की रकम पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी परिचित या रिश्तेदार के नाम से पैसे मांगने वाले संदेशों पर तुरंत भरोसा न करें। किसी भी तरह की आर्थिक मदद करने से पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर पुष्टि जरूर करें। साथ ही अनजान QR कोड पर भुगतान करने से बचें।
Location : Gorakhpur
Published : 2 September 2026, 8:31 PM IST