
कांवड़िए हरिद्वार के लिये रवाना (सोर्स- एक्स)
Rampur: पवित्र सावन मास के अंतिम सोमवार को लेकर रामपुर जिले में आस्था का अभूतपूर्व और अनूठा नजारा देखने को मिल रहा है। शुक्रवार-शनिवार की मध्यरात्रि से ही जिले के विभिन्न कोनों से हजारों की संख्या में कांवड़िए और श्रद्धालु गंगाजल लेने के लिए हरिद्वार और ब्रजघाट की ओर रवाना हो चुके हैं। हाथों में केसरिया ध्वज और कंधे पर कांवड़ थामे इन शिव भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है। रात के सन्नाटे को चीरती 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' की गूंज से पूरा इलाका शिवमय हो गया है।
इस बार की कांवड़ यात्रा में युवाओं की भागीदारी सबसे आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। बिलासपुर, मिलक, चमरौआ, शाहबाद, टांडा और रामपुर नगर क्षेत्र से बड़ी संख्या में युवा मोटरसाइकिल, कार और अन्य निजी वाहनों के काफिले के साथ गंगा जल लेने निकले हैं। सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए अधिकांश श्रद्धालु समूहों में यात्रा कर रहे हैं, जिससे हाईवे से लेकर ग्रामीण संपर्क मार्गों तक केवल शिव भक्तों के जत्थे ही नजर आ रहे हैं।
गंगा राम अस्पताल के बंद कमरे का खौफनाक सच: क्या किसी मानसिक दबाव ने छीन ली नर्सिंग छात्रा की जिंदगी?
मान्यता है कि सावन के अंतिम सोमवार पर जलाभिषेक करने से भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है। यही वजह है कि गंगाजल लेकर लौटने वाले शिवभक्त सोमवार की सुबह से ही रामपुर के प्रसिद्ध और प्राचीन मंदिरों में कतारबद्ध होने की तैयारी कर चुके हैं। जिला प्रशासन के अनुसार, पातालेश्वर भमरोआ शिव मंदिर, रठौड़ा शिव मंदिर, पंजाबनगर शिव मंदिर और दिलारी शिव मंदिर जैसे प्रमुख स्थलों पर इस बार रिकॉर्ड तोड़ भीड़ जुटने की संभावना है। मंदिरों को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है।
नोएडा-गाजियाबाद में सुबह से बरस रहे बदरा, यूपी के इन जिलों पर मंडरा रहा भारी बारिश का खतरा
हजारों की संख्या में निकल रहे कांवड़ियों और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। प्रमुख मार्गों पर विशेष रूट डायवर्जन लागू किया गया है ताकि भारी वाहनों की आवाजाही से शिव भक्तों को कोई परेशानी न हो। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है कि यात्रा शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न हो सके।
Location : Rampur
Published : 22 August 2026, 10:02 AM IST