
महापंचायत
Noida : डूब क्षेत्र में बिजली कनेक्शन काटे जाने को लेकर अब सियासी हलचल तेज हो गई है। चोटपुर, छिजारसी, बहलोलपुर समेत आसपास के गांवों और कॉलोनियों के लोगों ने महापंचायत कर प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इस महापंचायत में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे और बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।
महापंचायत में समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर संगठन ने भी भाग लिया। महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता के नेतृत्व में पहुंचे सपा नेताओं ने क्षेत्रवासियों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार और प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्षों से रह रहे हजारों परिवारों को बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित करना गंभीर समस्या है। पार्टी ने कहा कि इस कार्रवाई का सबसे ज्यादा असर आम लोगों, महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और छोटे कारोबारियों पर पड़ रहा है।
सपा नोएडा महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता ने कहा कि डूब क्षेत्र में रहने वाले परिवार लंबे समय से अपनी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिजली कनेक्शन काटे जाने से लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। प्रशासन को लोगों की समस्याओं का स्थायी समाधान निकालना चाहिए।
महानगर महासचिव विकास यादव ने कहा कि बिजली हर परिवार की बुनियादी जरूरत है और अचानक कनेक्शन काटे जाने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुनकर समाधान करने की मांग की।
प्रदेश सचिव सुनील चौधरी और राकेश यादव ने भी बिजली संकट को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चोटपुर, छिजारसी और बहलोलपुर समेत कई इलाकों के लोग लंबे समय से सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं।
Location : Noida
Published : 7 September 2026, 8:09 PM IST