हिंदी
महाराजगंज में समाजवादी पार्टी ने 'यूपी विधानसभा चुनाव 2027' के लिए अभियान चलाया (Image: Dynamite News)
Maharajganj News: महाराजगंज में समाजवादी पार्टी ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अपना सियासी अभियान तेज कर दिया है। शहर के यथार्थ पैलेस में आयोजित PDA जन पंचायत में दलित, पिछड़े और वंचित समाज के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। मंच से सपा नेताओं ने संविधान, आरक्षण और सामाजिक समानता के मुद्दे पर अपनी बात रखते हुए PDA वर्ग से एकजुट होने की अपील की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने की। मुख्य अतिथि के तौर पर समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती मौजूद रहे। वहीं, पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबडेवाल विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम का संचालन अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रवण पटेल ने किया।
मिठाई लाल भारती ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का मानना था कि जब तक सत्ता की चाबी बहुजनों के हाथ में नहीं होगी, तब तक समाज का वास्तविक विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री कार्यकाल में पंचायती राज व्यवस्था में आरक्षण लागू किया गया, जिससे पिछड़े और दलित समाज के लोगों को राजनीतिक भागीदारी का अवसर मिला।

सपा नेता ने कहा कि वंचित समाज के विकास के लिए संसद और सत्ता में बहुजनों की मजबूत भागीदारी जरूरी है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बहुजन समाज के वोट का इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने कहा कि वोट जनता की ताकत और सम्मान है, जिसकी रक्षा करना जरूरी है।
मिठाई लाल भारती ने कहा कि संविधान और आरक्षण की रक्षा की लड़ाई समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव लड़ रहे हैं। उन्होंने दलित समाज से अपील करते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर समाजवादी पार्टी के पक्ष में मतदान करें।
पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल ने कहा कि बाबा साहब ऐसे राजनीतिक लोगों को पसंद करते थे, जो समाज के सबसे कमजोर व्यक्ति के आंसू पोंछ सकें। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव इसी विचारधारा के साथ काम कर रहे हैं। संविधान ने सभी नागरिकों को बराबरी का अधिकार दिया है और समाजवादी विचारधारा इंसानियत को सबसे ऊपर मानती है।
कार्यक्रम में सपा नेताओं ने PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने, संविधान एवं आरक्षण की रक्षा और सामाजिक समानता जैसे मुद्दों को उठाया। इस दौरान कई सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने 2027 चुनाव के लिए संगठन को मजबूत करने और PDA वर्ग को जोड़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में संतोष कृष्ण त्रिपाठी, विधानसभा अध्यक्ष नौशाद आलम, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश यादव, समसूल हुदा, संजय यादव, अमित यादव, अमरनाथ यादव, हीरालाल जख्मी, देवेंद्र प्रताप शाही, फिरोज आलम, इंदु गौतम, अमीरुन निशा, राजाराम भारती, समसुल जोहा, सतपाल यादव, अनूप यादव और ओम प्रकाश यादव सहित बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Location : Maharajganj News
Published : 2 September 2026, 6:32 PM IST
Topics : Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) PDA Samajwadi Party Sushil Kumar Tibrewal UP Assembly Election 2027