हिंदी
सपा सांसद जितेंद्र कुमार दोहरे ने की SSP से मुलाकात
इटावा: जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के दादरपुर गांव में कथावाचक मुकुट मणि सिंह यादव के साथ हुई अमानवीय और अपमानजनक हरकत ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। अक इस मामले ने राजनीतिक मोड़ ले लिया है। यह घटना 22 जून की देर शाम की है, जब वे गांव में भागवत कथा के लिए पहुंचे थे।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार, समाजवादी पार्टी के सांसद जितेंद्र कुमार दोहरे ने इस मामले को लेकर सोमवार को एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव से मुलाकात की।
सपा सांसद पहुंचे SSP कार्यालय
इस घटना के विरोध में समाजवादी पार्टी के सांसद जितेंद्र कुमार दोहरे सोमवार को इटावा पहुंचे। उन्होंने एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी दी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सांसद ने कहा यह व्यवहार अमानवीय, असंवैधानिक और समाज को तोड़ने वाला है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस घटना का दो मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथावाचक को गाली-गलौज करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कथावाचक से जबरन चोटी काटी गई, सिर मुंडवाया गया और उन्हें महिला यजमान के पैरों में नाक रगड़ने के लिए मजबूर किया गया। साथ ही, उनके साथी के साथ भी मारपीट की गई।
जातिगत टिप्पणी और अपमान के आरोप
कथावाचक मुकुट मणि सिंह यादव ने बताया कि वे 21 से 27 जून तक कथा के लिए दादरपुर आए थे। पहले दिन भोजन करते समय एक व्यक्ति ने उनकी जाति पूछी और यादव जाति का बताने पर गाली-गलौज और अपमान शुरू कर दिया गया। कथावाचक का आरोप है कि उन्हें दलित कहकर गालियां दी गईं और कहा गया कि ब्राह्मणों के गांव में यादव भागवत कैसे करा सकता है।
पुलिस ने शुरू की जांच
एसएसपी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज की जांच के आधार पर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी और पीड़ितों को न्याय दिलाया जाएगा।
Location : Etawah
Published : 23 June 2025, 3:40 PM IST