Balrampur: सपा का दामन थामते ही चुनावी तैयारी तेज, डॉ. मन्नान ने उतरौला से पेश की दावेदारी

AIMIM का साथ छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए प्रमुख मुस्लिम चेहरे डॉ. अब्दुल मन्नान का बलरामपुर आगमन पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। सपा जिला मुख्यालय पहुंचे डॉ. मन्नान ने कार्यकर्ताओं और पत्रकारों को संबोधित करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में उतरौला सीट से अपनी दावेदारी पेश की।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 31 August 2026, 4:49 AM IST

Balrampur: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) का दामन छोड़कर हाल ही में समाजवादी पार्टी का हिस्सा बने प्रमुख मुस्लिम चेहरे डॉ. अब्दुल मन्नान के प्रथम बलरामपुर आगमन पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया।

जिला सपा मुख्यालय पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान आयोजित बैठक में डॉ. मन्नान ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अपने राजनीतिक पत्ते खोलते हुए उतरौला सीट से चुनाव लड़ने की अपनी प्रबल इच्छा खुलकर जाहिर की।

​पत्रकारों व पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. मन्नान ने स्पष्ट किया कि उन्होंने पार्टी आलाकमान के समक्ष अपनी मंशा रख दी है। वे संगठन में एक समर्पित सिपाही की भूमिका निभाने के साथ-साथ उतरौला विधानसभा क्षेत्र से चुनावी ताल ठोकने को भी पूरी तरह तैयार हैं।

अंतिम फैसला सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का

हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि अंतिम फैसला सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव और शीर्ष नेतृत्व का होगा। यदि पार्टी उन्हें प्रत्याशी बनाती है तो वे पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे, और यदि संगठन की जिम्मेदारी मिलती है तो वे पार्टी का जनाधार बढ़ाने का काम करेंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि टिकट न मिलने की स्थिति में भी वे पार्टी के घोषित उम्मीदवार के समर्थन में पूरे मन से डटे रहेंगे।

बलरामपुर में जिलाधिकारी का बड़ा एक्शन, लापरवाही बरतने पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री की सेवा समाप्त

समाजवादी पार्टी उनका नया राजनीतिक आशियाना

ओवैसी की पार्टी में रहते हुए अतीत में समाजवादी पार्टी पर किए गए तीखे हमलों के सवाल पर डॉ. मन्नान ने महाभारत का आख्यान देते हुए अपनी स्थिति साफ की। उन्होंने कहा कि राजनीति में जिस मंच पर व्यक्ति रहता है, उस दल की नीतियों के अनुरूप बात रखनी पड़ती है।

अब समाजवादी पार्टी उनका नया राजनीतिक आशियाना है और उनकी पूरी निष्ठा अखिलेश यादव के नेतृत्व और सपा की नीतियों के प्रति रहेगी।

राष्ट्रपति भवन में गूंजा बलरामपुर का नाम, बेटियों ने देश की प्रथम नागरिक को बांधा रक्षासूत्र

समाजवादी पार्टी के ये लोग थे मौजूद

​इस दौरान सपा के दिग्गज नेताओं और जनप्रतिनिधियों का जमावड़ा देखने को मिला। स्वागत कार्यक्रम में मुख्य रूप से गैसड़ी विधायक राकेश यादव, पूर्व विधायक अब्दुल मसूद खान, पूर्व विधायक राम सागर अकेला, पूर्व विधायक राम शिरोमणि वर्मा, जिला उपाध्यक्ष परशुराम बौद्ध, जिला मीडिया प्रभारी गणेश प्रसाद यादव, शहरुन वसीम खान, वसीम खान, इकबाल जावेद फ्लावर, मोहिउद्दीन सिद्दीकी, मनीष चंद सोनकर, नरसिंह पाल यादव, पंडित रामनिवास शुक्ला, ईश्वर चंद शुक्ला, एजाज मलिक, मुनीश्वर कुमार, पप्पू मलिक, शमशाद, सन्नू और रिजवान सिद्दीकी समेत भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Location :  Balrampur

Published :  31 August 2026, 4:05 AM IST