आधी रात गोलियों की गूंज से दहला सहारनपुर! बदमाशों ने पुलिस पर की अंधाधुंध फायरिंग, एक घायल और दूसरा फरार

सहारनपुर के थाना सरसावा क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 27 March 2026, 12:30 PM IST

Saharanpur: सहारनपुर जिले में उस समय सनसनी फैल गई जब थाना सरसावा क्षेत्र में देर रात पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच आमना-सामना हो गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) अभिषेक सिंह के कड़े निर्देशों और एसएसपी अभिनंदन सिंह व एसपी देहात सागर जैन के मार्गदर्शन में जिले भर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच यह मुठभेड़ हुई।

चेकिंग के दौरान हुआ आमना-सामना

डाइनामाइट न्यूज़ संवददाता के अनुसार, थाना सरसावा प्रभारी प्रवेश कुमार शर्मा अपनी टीम के साथ हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी नकुड़ की ओर से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध युवक आते दिखे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

UP Encounter: बरेली में गोकशी की साजिश नाकाम, पुलिस मुठभेड़ में बदमाश घायल, जानिये कैसे फेल हुई बड़ी वारदात?

जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की और बदमाशों का पीछा किया। काफी दूर तक पीछा करने के बाद बदमाश एक बंद पड़े भट्टे के पास पहुंचे, जहां उन्होंने फिर से फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।

दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

घटना के दौरान दूसरा बदमाश जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घंटों तक इलाके में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। उसकी तलाश अभी भी जारी है।

यूपी के दो तेजतर्रार IPS अफसर अब बनेंगे हमसफर, सगाई की तस्वीरों ने जीता सबका दिल; जानिए कब और कहाँ होगी शाही शादी?

हिस्ट्रीशीटर निकला गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार घायल बदमाश की पहचान मुर्सलीन उर्फ गांधी के रूप में हुई है, जो थाना सरसावा क्षेत्र का रहने वाला है। उसके खिलाफ एनडीपीएस, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में लगभग एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी तमंचा, दो खोखा, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

Location : 
  • Saharanpur

Published : 
  • 27 March 2026, 12:30 PM IST