हिंदी
15 हजार रुपये की रिश्वत लेते कानूनगो गिरफ्तार (Img: Dynamite News)
Saharanpur: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एंटी करप्शन टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 15 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते एक कानूनगो को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रदीप रोहेला के रूप में बताई जा रही है। मामला जमीन की पैमाइश के लिए धारा 24 के तहत दाखिल आवेदन से जुड़ा है। गिरफ्तारी के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में हलचल मच गई। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
शिकायतकर्ता मोहम्मद तारीफ, निवासी सहारनपुर, के मुताबिक उनके पिता के नाम जमीन है। उनका आरोप है कि जमीन का क्षेत्रफल कम निकल रहा था, इसलिए उन्होंने करीब सात महीने पहले तहसील में धारा 24 के तहत पैमाइश के लिए आवेदन दिया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, उनकी फाइल कई महीनों से संबंधित कर्मचारी के पास लंबित थी।
बुराई पर अच्छाई की जीत! सहारनपुर के लेबर कॉलोनी ग्राउंड में हुआ भव्य रावण दहन
मोहम्मद तारीफ का आरोप है कि वह इस काम के लिए 20 से अधिक बार संबंधित कर्मचारी से मिल चुके थे। उनका दावा है कि हर बार उनसे 2,000, 3,000 और 5,000 रुपये तक लिए गए। शिकायतकर्ता के मुताबिक, वह अब तक करीब 80 से 82 हजार रुपये देने का दावा कर रहे हैं और उन्होंने इसका हिसाब भी लिखकर रखा है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि पैमाइश की प्रक्रिया के लिए पहले डेढ़ लाख रुपये की बात कही गई थी, लेकिन बाद में 40 हजार रुपये में सहमति बनी। उनके अनुसार, 16 या 17 तारीख को 5,000 रुपये दिए गए थे और इसके बाद 15,000 रुपये देने थे।
सहारनपुर में आशाओं का 13वें दिन भी धरना, 30 हजार मानदेय की मांग पर अड़ीं कार्यकर्ता
मिली जानकारी के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। आरोप है कि जैसे ही कानूनगो ने 15 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे पकड़ लिया। कार्रवाई कलेक्ट्रेट परिसर स्थित एक कार्यालय में हुई। अचानक हुई गिरफ्तारी से वहां मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच हलचल मच गई।
एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। हालांकि, रिश्वत के रूप में कथित तौर पर पहले दी गई रकम और जमीन की पैमाइश में देरी से जुड़े शिकायतकर्ता के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। मामले में जांच और संबंधित अधिकारियों की आधिकारिक जानकारी के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
Location : Saharanpur
Published : 21 October 2026, 7:07 PM IST