
देवबंद में भीषण सड़क हादसा (Img- X)
Saharanpur: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। शाकंभरी देवी के दर्शन करने के बाद माता की ज्योत लेकर पदयात्रा करते हुए वापस लौट रहे श्रद्धालुओं के जत्थे को एक अनियंत्रित कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी।
इस भीषण दुर्घटना में चार श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद से पीड़ित परिवार और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मेरठ जिले के सरधना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुशावली गांव के करीब 18 श्रद्धालु सात अक्टूबर को शाकंभरी देवी के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। शनिवार की सुबह करीब सात बजे सभी लोग माता की पावन ज्योत लेकर पदयात्रा करते हुए अपने घर वापस लौट रहे थे। देवबंद में हाईवे स्थित फ्लाईओवर के पास इन श्रद्धालुओं ने कुछ देर आराम करने का फैसला किया और सुरक्षा की दृष्टि से रस्सी का घेरा बनाकर सड़क किनारे रुक गए।
जब श्रद्धालु हाईवे पर घेरा बनाकर विश्राम कर रहे थे, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे बर्तनों से भरे एक कैंटर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस भीषण हादसे में कुशावली गांव निवासी रमेश (40), सागर (34), अमन (23) और सतेंद्र की मौके पर ही या अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। अचानक हुए इस हादसे से हाईवे पर अफरा-तफरी और कोहराम मच गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने अपनी गाड़ियों, बाइकों और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल हुए लोगों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें सहारनपुर और मेरठ के बड़े अस्पतालों के लिए रेफर कर दिया गया।
सीओ अमित कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कैंटर के चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
सड़क हादसे की सूचना मिलते ही सहारनपुर के जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान तुरंत अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वहां भर्ती सभी घायलों से मुलाकात की, उनका कुशलक्षेम जाना और डॉक्टरों को बेहतरीन इलाज के निर्देश दिए।
Location : Saharanpur
Published : 10 October 2026, 12:49 PM IST