गोरखपुर में हंगामा, भाजपा नेता पर हमला; इसपर हुआ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज

आकाशवाणी गोरखपुर परिसर उस समय रणक्षेत्र बन गया, जब ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी इंचार्ज देव भूमि सिंह ने भाजपा नगर उपाध्यक्ष एवं गोरखनाथ विद्यापीठ के प्राध्यापक बृजेश मणि मिश्रा पर जानलेवा हमला कर दिया।

Gorakhpur: मंगलवार को आकाशवाणी गोरखपुर परिसर उस समय रणक्षेत्र बन गया, जब ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी इंचार्ज देव भूमि सिंह ने भाजपा नगर उपाध्यक्ष एवं गोरखनाथ विद्यापीठ के प्राध्यापक बृजेश मणि मिश्रा पर जानलेवा हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सरकारी परिसर में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक रिपोर्टर दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर बाइट लेने आकाशवाणी परिसर पहुंचे थे। उन्होंने भाजपा नेता बृजेश मणि मिश्रा से संपर्क किया, जो उस वक्त परिसर में मौजूद थे। रिपोर्टर जैसे ही अंदर पहुंचे, गेट पर तैनात गार्ड ने उन्हें अंदर जाने दिया, लेकिन उसी दौरान सिक्योरिटी इंचार्ज देव भूमि सिंह मौके पर पहुंच गए।

पत्रकारों से बदसलूकी

उन्होंने न केवल पत्रकारों से बदसलूकी की, बल्कि भाजपा नगर उपाध्यक्ष के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि देव भूमि सिंह ने बृजेश मणि मिश्रा को धक्का देकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि हमले के दौरान उन्होंने गेट बंद कर भाजपा नेता को अंदर ही कैद कर दिया।

Gorakhpur Crime: गैंगस्टर की1 करोड़ की संपत्ति जब्त, जानें कैसे पकड़ा गया गैंग

पुलिस प्रशासन में हड़कंप

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। तत्काल सीओ कोतवाली ओमकार दत्त तिवारी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह और चौकी प्रभारी दीपशिखा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी सिक्योरिटी इंचार्ज को हिरासत में ले लिया।

आकाशवाणी परिसर के बाहर जमा भीड़

इस बीच घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं, नगर निगम पार्षदों और पत्रकारों की भीड़ आकाशवाणी परिसर के बाहर जमा हो गई। मामला भाजपा नगर उपाध्यक्ष से जुड़ा होने के कारण माहौल तनावपूर्ण हो गया। महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव स्वयं मौके पर पहुंचे और हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थान में भाजपा नेता पर हमला बेहद निंदनीय है और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

घायल बृजेश मणि मिश्रा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

Gorakhpur: ग्रामीणों तक पहुंच रही वित्तीय सेवाएं, अहम योगदान देने वाली बैंक सखियों का हुआ सम्मान

पुलिस का बयान

सीओ कोतवाली ओमकार दत्त तिवारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी सिक्योरिटी इंचार्ज देव भूमि सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित धारा 307, 442, 352, 504, 506 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।

इस घटना ने सरकारी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक नियंत्रण पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि अगर दोषी पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो वे व्यापक आंदोलन करेंगे।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 14 October 2025, 10:32 PM IST