फुफेरी बहन से प्रेम संबंध! युवक की हत्या, आपत्तिजनक हालत में देखने पर…

मुरादाबाद में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। तीन दिन से लापता युवक का शव बुधवार सुबह सोनकपुर की मिलक के जंगल में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 11 June 2026, 3:05 PM IST

Moradabad: मुरादाबाद में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। तीन दिन से लापता युवक का शव बुधवार सुबह सोनकपुर की मिलक के जंगल में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि युवक की हत्या उसके फुफेरे भाइयों ने ही की थी। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रेमिका के साथ भागने की कोशिश के बाद पहुंचा था बुआ के घर

जानकारी के अनुसार, संभल जिले के कैला देवी थाना क्षेत्र के सिसौना गांव निवासी चमन सिंह का गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। रविवार शाम वह प्रेमिका को लेकर गांव से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया। युवक की पिटाई भी की गई। इसके बाद चमन वहां से निकलकर अपनी बुआ के घर पहुंच गया।

फुफेरी बहन से भी था प्रेम संबंध

पुलिस जांच में सामने आया कि चमन सिंह का अपनी फुफेरी बहन से भी प्रेम संबंध था। रविवार रात वह बुआ के घर रुका था। इसी दौरान उसके फुफेरे भाइयों ने उसे अपनी बहन के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया।

गुस्से में की पिटाई, फिर गला दबाकर उतारा मौत के घाट

बहन के साथ युवक को आपत्तिजनक हालत में देखकर दोनों भाई आपा खो बैठे। पहले उन्होंने चमन सिंह की जमकर पिटाई की और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को सोनकपुर की मिलक स्थित जंगल में फेंक दिया गया ताकि मामला छिपाया जा सके।

CCTV Footage से खुला हत्या का राज

बुधवार सुबह खेतों पर गए ग्रामीणों ने जंगल में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शुरुआती पूछताछ में फुफेरे भाइयों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और बताया कि चमन रविवार रात घर से चला गया था। लेकिन पुलिस ने गांव में लगे CCTV फुटेज खंगाले, जिससे पूरे मामले का खुलासा हो गया।

दोनों आरोपी गिरफ्तार

एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि युवक का अपनी बुआ की बेटी से प्रेम संबंध था। इस बात की जानकारी होने पर उसके फुफेरे भाइयों ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Moradabad

Published :  11 June 2026, 3:04 PM IST