सीतापुर में प्रेम संबंध का खूनी अंत! युवती की मौत, युवक ने भी जहरीला पदार्थ खाकर दी जान देने की कोशिश

सीतापुर के सकरन थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। युवती ने गांव के युवक पर मारपीट कर जबरन जहरीला पदार्थ पिलाने का आरोप लगाया था। इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई, जबकि युवक ने भी जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 18 August 2026, 8:17 PM IST

Sitapur: सीतापुर में प्रेम संबंध को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवती की जान चली गई। सकरन थाना क्षेत्र में युवती ने गांव के ही युवक पर मारपीट करने और जबरन जहरीला पदार्थ पिलाने का गंभीर आरोप लगाया था। हालत बिगड़ने के बाद युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार दोपहर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीं आरोपी बताए जा रहे युवक ने भी जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बस से उतरने के बाद हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, सकरन थाना क्षेत्र के सीतलपुरवा गांव की रहने वाली करीब 19 वर्षीय ज्योति लखनऊ में काम करती थी। सोमवार को वह बस से लखनऊ से अपने गांव वापस लौट रही थी। उसी बस में गांव का करीब 21 वर्षीय अनूप पुत्र रमाकांत भी सवार था। पुलिस के अनुसार दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे और उनके बीच बातचीत होती थी।

बताया जा रहा है कि दोनों महाराजनगर स्थित नहर पुल के पास बस से उतर गए। इसके बाद दोनों नहर किनारे करीब एक किलोमीटर दूर चले गए, जहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान युवती ने आरोप लगाया कि अनूप ने उसके साथ मारपीट की और जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया।

अस्पताल में हुई युवती की मौत

जहरीला पदार्थ खाने के बाद युवती की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसवां पहुंचाया गया। गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल सीतापुर रेफर कर दिया। मंगलवार दोपहर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

युवती की मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और साफ हो सकेगी।

युवक ने भी किया आत्महत्या का प्रयास

पुलिस और स्थानीय लोगों के पहुंचने के बाद अनूप ने भी कथित तौर पर कुछ दूरी पर जाकर जहरीला पदार्थ खा लिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच

पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। युवती द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच होगी। पुलिस दोनों के बीच संबंध, विवाद की वजह और घटनास्थल से जुड़े सभी तथ्यों को खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Sitapur

Published :  18 August 2026, 8:17 PM IST