
डॉक्टर की कार ने विकलांग महिला को मारी टक्कर
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र में चामुंडा चौराहे के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक कार की टक्कर से एक विकलांग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला सड़क किनारे बैठकर लोगों से मांगकर अपना गुजारा करती थी। इसी दौरान अचानक आई एक कार ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही महिला सड़क पर गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल महिला की मदद करने की कोशिश की और उसे अस्पताल पहुंचाने की बात कही।
बताया जा रहा है कि जिस कार से हादसा हुआ, वह जिला अस्पताल से जुड़े एक डॉक्टर की थी। हादसे के बाद डॉक्टर ने तुरंत घायल महिला को अपनी कार से जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने महिला का इलाज शुरू कर दिया।
डॉक्टरों के अनुसार महिला को काफी गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। फिलहाल अस्पताल प्रशासन महिला की पहचान कराने की कोशिश कर रहा है, लेकिन अभी तक उसका नाम और पता नहीं चल पाया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार जिस कार से हादसा हुआ, वह सादर विधायक के करीबी एक डॉक्टर की बताई जा रही है। हालांकि इस बारे में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
एक वीडियो, एक सुसाइड नोट और तीन मौतें, नौतनवा के सनसनीखेज मामले में आया बड़ा अपडेट; पढ़ें पूरी खबर
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हादसे की सही वजह का पता चल सके। फिलहाल घायल महिला का जिला अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Location : Budaun
Published : 10 March 2026, 5:39 PM IST
Topics : Budaun Police Budaun News Road Accident UP News