मुजफ्फरनगर में सीएम योगी के मंच से पहले ही RLD विधायक की ‘नो एंट्री’, बाहर से लौटाया

मुजफ्फरनगर में योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के दौरान RLD विधायक गुलाम मोहम्मद को एंट्री नहीं मिली। मुख्य गेट पर पुलिस ने लिस्ट में नाम न होने का हवाला देकर रोक दिया। सख्त सुरक्षा के चलते किसी सिफारिश का असर नहीं हुआ और उन्हें वापस लौटना पड़ा।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 13 April 2026, 3:12 PM IST

Muzaffarnagar: जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के दौरान एक ऐसा वाकया सामने आया, जिसने सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा दी। राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के विधायक गुलाम मोहम्मद को कार्यक्रम स्थल में प्रवेश नहीं दिया गया और उन्हें गेट से ही वापस लौटना पड़ा। क्या इसके पीछे कोई सियासी संदेश छिपा है।

गेट पर ही रोक दिए गए विधायक

जानकारी के मुताबिक, मेरठ की शिवाल खास सीट से विधायक गुलाम मोहम्मद जैसे ही नुमाइश ग्राउंड पहुंचे। वहां तैनात पुलिस अधिकारियों ने उन्हें मुख्य गेट पर ही रोक लिया। अधिकारियों ने कहा कि कार्यक्रम की अधिकृत सूची में उनका नाम शामिल नहीं है। इसलिए उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। विधायक ने अंदर जाने की कोशिश की लेकिन सख्त सुरक्षा के आगे उनकी एक नहीं चली और आखिरकार उन्हें लौटना पड़ा।

लिस्ट में नाम नहीं

सूत्रों ने बताया कि कार्यक्रम में मंच पर बैठने वालों और नीचे मौजूद विशिष्ट लोगों की अलग-अलग सूची तैयार की गई थी। इन दोनों ही लिस्ट में गुलाम मोहम्मद का नाम नहीं था। मौके पर मौजूद एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने भी यही कारण बताते हुए उन्हें प्रवेश देने से इनकार कर दिया। खास बात यह रही कि किसी तरह की सिफारिश या दबाव भी यहां काम नहीं आया।

 बाहर खड़े लोगों में चर्चा तेज

इस पूरे घटना के बाद कार्यक्रम स्थल के बाहर मौजूद लोगों के बीच काफी देर तक चर्चा होती रही। लोग इस बात पर हैरानी जताते दिखे कि एक मौजूदा विधायक को भी कार्यक्रम में एंट्री नहीं मिल सकी। कुछ लोग इसे सुरक्षा प्रोटोकॉल का हिस्सा बता रहे हैं तो कुछ इसे सियासी नजरिए से देख रहे हैं।

रोजगार मेले और जनसभा पर फोकस

वहीं कार्यक्रम की बात करें तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां नुमाइश ग्राउंड में वृहद रोजगार मेले का शुभारंभ करने पहुंचे। मेले में हजारों युवाओं की मौजूदगी है और बड़ी संख्या में नियुक्तियां देने का लक्ष्य रखा गया है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  13 April 2026, 3:12 PM IST