मिर्जापुर में दबंगों की दहशत: युवक को जंगल में ले जाकर पीटा, बनाया वीडियो, दी जान से मारने की धमकी

मिर्जापुर के हलिया थाना क्षेत्र में दबंगों की कथित गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दीदी के घर से लौट रहे युवक को रास्ते में रोककर जंगल ले जाया गया, जहां बेल्ट और डंडों से उसकी पिटाई की गई। आरोपियों ने मारपीट का वीडियो भी बनाया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 9 September 2026, 6:18 PM IST

Mirzapur News: मिर्जापुर जिले से दबंगई और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला मामला सामने आया है। यहां कुछ दबंगों ने एक युवक को रास्ते में रोककर जंगल में ले जाकर कथित रूप से बेरहमी से पीटा। आरोप है कि दबंगों ने बेल्ट और डंडों से युवक की पिटाई की और पूरी घटना का वीडियो भी बनाया। इतना ही नहीं, उन्होंने किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर पांच नामजद समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

बाइक रोककर जंगल ले जाने का आरोप

मामला हलिया थाना क्षेत्र के सोठिया खुर्द गांव का है। गांव निवासी मुमताज पुत्र मेंहदी हसन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा मोहम्मद सैफ 6 सितंबर को अपनी दीदी के घर राजपुर गया था। वहां से वह सुपर स्प्लेंडर बाइक से वापस लौट रहा था। इसी दौरान सुखड़ा नहर बेलगवा पुल के पास कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने पहले युवक को रोका और फिर जबरन उसे जंगल की तरफ ले गए।

मुरलिया जंगल में की गई मारपीट

पीड़ित के पिता के अनुसार, आरोपी शहबान और नौशाद जबरन उसकी बाइक पर बैठ गए और उसे मुरलिया जंगल ग्राम राजपुर की ओर ले गए। वहां पहले से मौजूद अन्य लोगों के साथ मिलकर युवक की पिटाई की गई। आरोप है कि सभी लोगों ने मिलकर युवक को हाथ, बेल्ट और डंडों से मारा। इस दौरान आरोपियों ने मारपीट का वीडियो भी बनाया। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने धमकी दी कि अगर उसने घटना के बारे में किसी को बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा।

आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

पीड़ित के पिता की शिकायत पर हलिया थाने में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिन लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दी गई है, उनमें नौशाद पुत्र फरीद निवासी राजपुर, जाने आलम पुत्र बबलू, शहबान पुत्र गुलाम जाबिर, मन्नान पुत्र मेराज और मनीष पटेल निवासी लायन बेलन बरौंधा शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना स्थल थाने से करीब आठ किलोमीटर दक्षिण दिशा में है।

पुलिस ने शुरू की जांच

हलिया थाना प्रभारी राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक चरण सिंह यादव को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं लालगंज क्षेत्राधिकारी ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब वायरल वीडियो और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

Location :  Mirzapur

Published :  9 September 2026, 6:18 PM IST