
महराजगंज में रिकवरी एजेंट की दबंगई
Maharajganj: जनपद के थाना चौक क्षेत्र में एक कथित रिकवरी एजेंट की दबंगई का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि बैंक का कर्मचारी बताकर एक व्यक्ति घर पहुंचा और परिवार की महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामले में थाना चौक पर लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम जगपुर उर्फ सलामतगढ़ निवासी संदीप सहानी ने थाना चौक में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि 24 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 3 बजे एक व्यक्ति, जिसने अपना नाम रामकिसून बताया और स्वयं को एक प्राइवेट बैंक का कर्मचारी/रिकवरी एजेंट बताया, उनके घर पहुंचा। उस समय घर पर उनकी पत्नी और नाबालिग पुत्री मौजूद थीं।
पीड़ित का कहना है कि संबंधित ऋण प्रकरण वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है, इसके बावजूद आरोपी जबरन दबाव बनाने की नीयत से घर आया। आरोप है कि उसने महिलाओं के साथ गाली-गलौज की, अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया और पैसे न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान-माल की हानि की धमकी दी। इस दौरान परिवार की महिलाओं की गरिमा के विरुद्ध आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जिससे परिवार में दहशत का माहौल बन गया।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने उत्तर प्रदेश पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में कहा गया है कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए और परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
महराजगंज में ऐसा क्या हुआ? 241 आंगनबाड़ी केंद्रों पर गिरी गाज, जानिये पूरा मामला
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कोई ऋण विवाद न्यायालय में विचाराधीन है, तो किसी भी रिकवरी एजेंट को कानून हाथ में लेने या परिवार की महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने का अधिकार नहीं है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। थाना चौक पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है, तथ्यों की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 26 February 2026, 7:30 PM IST