
ट्रांसफार्मरों को ठंडा रखने में जुटा विभाग
Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर में पड़ रही भीषण गर्मी अब बिजली विभाग के लिए भी बड़ी चुनौती बनती जा रही है। तेज धूप और लगातार बढ़ते तापमान ने बिजली व्यवस्था पर ऐसा दबाव बना दिया है कि जिले में बिजली की खपत सामान्य दिनों की तुलना में करीब डेढ़ गुना तक पहुंच गई है। हालात ऐसे हैं कि पावर ट्रांसफार्मरों पर ओवरलोड का खतरा मंडराने लगा है और विभाग दिन-रात उन्हें सुरक्षित रखने की कवायद में जुटा हुआ है। गर्मी बढ़ने के साथ ही एसी, कूलर और अन्य बिजली उपकरणों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है, जिसका सीधा असर बिजली लोड पर दिखाई दे रहा है।
भीषण गर्मी के इस दौर में बिजली विभाग की सबसे बड़ी चिंता पावर ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित रखना है। बढ़ते लोड की वजह से ट्रांसफार्मरों का तापमान तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में किसी भी तकनीकी खराबी या ओवरहीटिंग की स्थिति में बड़े इलाके की बिजली सप्लाई प्रभावित हो सकती है। यही वजह है कि विभाग ने पहले से ही अलर्ट मोड में काम शुरू कर दिया है।
इंसानों के बाद पक्षियों पर हीटवेव की मार, मुजफ्फरनगर में कई चीलों की बिगड़ी हालत
मुजफ्फरनगर में कुल 19 सब स्टेशन संचालित हैं, लेकिन इनमें से 9 सब स्टेशन ऐसे चिन्हित किए गए हैं जहां बिजली का लोड सबसे ज्यादा बढ़ा है। इन स्टेशनों पर विभाग ने अतिरिक्त फैन, कूलर और प्रोटेक्शन यूनिट लगाई हैं ताकि ट्रांसफार्मरों को ओवरहीट होने से बचाया जा सके। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि गर्मी की वजह से ट्रांसफार्मरों का तापमान तेजी से बढ़ता है। ऐसे में अगर समय रहते कूलिंग सिस्टम न लगाया जाए तो ट्रांसफार्मर फुंकने का खतरा बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए हाई लोड वाले क्षेत्रों में विशेष इंतजाम किए गए हैं। विभाग यह भी दावा कर रहा है कि जरूरत पड़ने पर आने वाले दिनों में बाकी सब स्टेशनों पर भी इसी तरह की व्यवस्था लागू की जाएगी।
गर्मी बढ़ने के साथ ही जिले में बिजली की मांग लगातार ऊपर जा रही है। सुबह से लेकर देर रात तक लोग एसी, कूलर और पंखों का लगातार इस्तेमाल कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी अब बिजली की खपत पहले की तुलना में काफी ज्यादा हो गई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इस समय जो बिजली लोड रिकॉर्ड किया जा रहा है, वह सामान्य दिनों से काफी अधिक है।
बढ़ते लोड के चलते कई जगह ट्रिपिंग और फॉल्ट की आशंका भी बढ़ गई है। इसी को देखते हुए बिजली विभाग ने तकनीकी टीमों को फील्ड में सक्रिय कर दिया है। ट्रांसफार्मरों की नियमित जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर तुरंत मरम्मत का काम भी किया जा रहा है।
एससी आलोक कुमार यादव ने बताया कि जिले में बिजली की खपत तेजी से बढ़ी है, लेकिन विभाग पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि सभी ट्रांसफार्मर फिलहाल सुरक्षित और हेल्दी हैं। जिन सब स्टेशनों पर अधिक लोड है वहां अतिरिक्त कूलिंग सिस्टम और सुरक्षा उपकरण लगाए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में जरूरत के हिसाब से अन्य स्टेशनों पर भी अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जाएंगी ताकि उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
Location : Muzaffarnagar
Published : 24 May 2026, 2:09 PM IST