
रामपुर में पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
Rampur: सिविल लाइन थाना क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किराए के मकान में रह रहे पुलिसकर्मी अरुण कुमार शुक्ला द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना पुलिस को मिली। अरुण कुमार शुक्ला मूल रूप से शाहजहांपुर के निवासी बताए जा रहे हैं और रामपुर एसपी कार्यालय में तैनात थे।
जानकारी के मुताबिक अरुण कुमार शुक्ला ने करीब तीन महीने पहले मनीष गुप्ता के मकान को किराए पर लिया था। गुरुवार शाम करीब सात बजे पुलिस को उनके आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी।
मौके पर जांच पड़ताल करती पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी अभिषेक कुमार करीब रात 12 बजे तक घटनास्थल पर मौजूद रहे। वहीं रामपुर पुलिस अधीक्षक अनिल सिंह सिसोदिया तथा अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी ली।
घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग भी रामपुर पहुंच गए। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को जिला सरकारी अस्पताल भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जानी है।
फिलहाल अरुण कुमार शुक्ला ने आत्महत्या जैसा कदम किस कारण से उठाया, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
घटना के बाद पुलिस विभाग में भी शोक और हलचल का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
Location : Rampur
Published : 28 August 2026, 6:54 AM IST
Topics : police personnel suicide Police Suicide Case police department rampur news sp office rampur