
राम लला के खजाने की पूरी बैलेंस शीट
Ayodhya : राम मंदिर को लेकर देशभर में श्रद्धा का जो सैलाब जनवरी 2024 में प्राण प्रतिष्ठा के समय देखने को मिला था, वह आज भी थमता नजर नहीं आ रहा है। ढाई साल बाद भी रामलला के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। यही वजह है कि अयोध्या अब देश के सबसे प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल में गिनी जाने लगी है।
रोजाना राम मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। सामान्य दिनों में हजारों लोग रामलला के दर्शन करते हैं, जबकि छुट्टियों और विशेष मौकों पर यह संख्या कई लाख तक पहुंच जाती है। बताया जा रहा है कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से अब तक 12 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
भक्त सिर्फ दर्शन ही नहीं कर रहे, बल्कि अपनी आस्था के अनुसार मंदिर में दान भी दे रहे हैं। अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के दो साल के भीतर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को 3,000 करोड़ रुपये अधिक का रिकॉर्ड दान प्राप्त हुआ है। साथ ही, नकद, सोना, चांदी, जूलरी जैसी अन्य कीमती चीजें भी दान की गई हैं। मंदिर परिसर में जगह-जगह दान-पात्र रखे गए हैं, वहीं डिजिटल और काउंटर के जरिए भी दान किया जाता है। अयोध्या के वैश्विक धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में उभरने से चढ़ावे की यह रफ्तार लगातार बढ़ रही है।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का असर मंदिर की आय पर भी दिखाई दे रहा है। बात करें खर्च की, तो भव्य मंदिर निर्माण की कुल अनुमानित लागत ₹1,800 करोड़ से ₹1,900 करोड़ के बीच है। इसमें से निर्माण कार्य के बड़े हिस्से के लिए ट्रस्ट अब तक ₹1,600 करोड़ से ज्यादा का भुगतान कर चुका है। वहीं, इस पूरे प्रोजेक्ट में पूर्ण वित्तीय पारदर्शिता के साथ अकेले GST के रूप में ₹396 करोड़ का बड़ा टैक्स चुकाया गया है।
राम मंदिर बनने के बाद अयोध्या में विकास की रफ्तार भी बढ़ी है। नए होटल, सड़कें, यात्री सुविधाएं और पर्यटन परियोजनाएं शहर की पहचान बदल रही हैं। स्थानीय व्यापारियों और होटल कारोबारियों को भी इसका सीधा फायदा मिल रहा है।
रामलला का दरबार अब केवल पूजा-अर्चना का केंद्र नहीं रह गया है। यह आस्था, पर्यटन और विकास का ऐसा संगम बन चुका है, जिसने अयोध्या को देश के धार्मिक मानचित्र पर नई ऊंचाई दे दी है। हर दिन यहां पहुंचने वाले श्रद्धालु इस बात का प्रमाण हैं कि रामनगरी में आस्था का दीप लगातार और अधिक उज्ज्वल होता जा रहा है।
Location : Ayodhya
Published : 9 June 2026, 5:41 PM IST
Topics : Ayodhya Ram Lalla Ram Mandir Shri Ram Janmabhoomi