चोरी से आगे बढ़ी राम मंदिर चढ़ावे की जांच: केवल गल्ला ही नहीं, अब ट्रस्ट के खातों का एक-एक पन्ना खंगालेगी SIT

राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में अब केवल चोरों की तलाश नहीं होगी, बल्कि ट्रस्ट के पूरे वित्तीय लेनदेन का लेखा-जोखा खंगाला जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर SIT में CA शामिल होंगे, जो शुरुआत से लेकर अब तक के ऑडिट की गहन जांच करेंगे।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 July 2026, 8:12 AM IST

Ayodhya: अयोध्या के भव्य राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान की चोरी का मामला अब एक नया और गंभीर मोड़ ले चुका है। अब तक पुलिस की तफ्तीश सिर्फ इस बात पर टिकी थी कि दान गिनते समय किसने और कैसे पैसे पार किए।

लेकिन अब जांच का दायरा केवल चोरों को पकड़ने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूरे आय-व्यय और बैंक खातों के पन्ने खंगाले जाएंगे।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर SIT में CA की एंट्री

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने जांच को और पारदर्शी बनाने का निर्देश दिया है। कोर्ट के आदेश के बाद शासन अब आईपीएस किरण एस. की अगुवाई वाली विशेष जांच टीम (SIT) में चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) को शामिल करने जा रहा है।

इस टीम में अयोध्या रेंज के आईजी सोमेन वर्मा और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर पहले से ही शामिल हैं। CA की एंट्री से अब ट्रस्ट के वित्तीय लेनदेन, दान की रसीदों और खर्चों का बारीकी से फोरेंसिक ऑडिट किया जाएगा।

अयोध्या दान चोरी कांड: न बैंक वालों पर शिकंजा, न सफेदपोशों का खुलासा; जानिए नई SIT के आगे क्या हैं बड़ी चुनौतियां

ट्रस्ट के गठन से लेकर अब तक का होगा ऑडिट

पहले गठित आईएएस स्तर की एसआईटी ने आय-व्यय के पहलू पर सिर्फ सतही नजर डाली थी। मगर अब नई एसआईटी राम मंदिर ट्रस्ट के गठन के पहले दिन से लेकर अब तक के पूरे ऑडिट रिपोर्ट की गहराई से जांच करेगी।

अगले दो हफ्तों के भीतर वित्तीय विशेषज्ञों की मदद से यह पता लगाया जाएगा कि कहीं दान के पैसों के प्रबंधन या हिसाब-किताब में कोई बड़ी हेरफेर तो नहीं छिपा दी गई थी।

अयोध्या में बड़ा फैसला, राम मंदिर ट्रस्ट में अंतरिम महासचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे डॉ. कृष्ण मोहन

गड़बड़ी मिली तो कस सकता है जिम्मेदार पदों पर शिकंजा

शुरुआती जांच में यह साफ हो चुका था कि दान की रकम गिनने के दौरान ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया जा रहा था और आरोपी जेल भी भेजे जा चुके हैं। लेकिन अगर सीए की जांच में वित्तीय लेनदेन या बैलेंस शीट के स्तर पर कोई खामी या गड़बड़ी पकड़ी जाती है, तो जांच की आंच बेहद दूर तक जाएगी। ऐसे में ट्रस्ट के कोष की देखरेख करने वाले जिम्मेदार अधिकारी और लोग भी इस जांच के घेरे में आ सकते हैं।

Location :  Ayodhya

Published :  28 July 2026, 8:12 AM IST