
यूपी में बारिश का कहर (IMG: Gemini)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में पिछले करीब 48 से 60 घंटे से जारी भारी बारिश और आंधी-तूफान ने कई जिलों में हालात बिगाड़ दिए हैं। अतिवृष्टि और खराब मौसम के कारण अब तक 56 लोगों की मौत, 46 लोगों के घायल होने, 107 पशुओं की मौत और 1,021 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। स्थिति को देखते हुए प्रभावित जिलों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं।
राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने रविवार को प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों और अपर जिलाधिकारियों से बातचीत कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों से सीधे संपर्क किया जाए और उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए। साथ ही राहत कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया है।
राहत आयुक्त के मुताबिक, 25 सितंबर से 27 सितंबर की सुबह तक उत्तर प्रदेश में 66.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस अवधि में सामान्य बारिश 7.6 मिलीमीटर होती है। यानी प्रदेश में बारिश सामान्य से करीब 775 फीसदी अधिक रही। इस दौरान प्रदेश के 75 जिलों में से 56 जिलों में अत्यधिक बारिश दर्ज की गई। फर्रुखाबाद में सामान्य से 7,385 फीसदी, कन्नौज में 5,664 फीसदी, शाहजहांपुर में 4,408 फीसदी, हमीरपुर में 4,240 फीसदी और महोबा में 4,100 फीसदी अधिक बारिश दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
बारिश और आंधी-तूफान से हुई जनहानि में सीतापुर सबसे अधिक प्रभावित जिलों में रहा। यहां 7 लोगों की मौत की सूचना है। इसके अलावा लखीमपुर खीरी, बहराइच और बलरामपुर में 5-5 लोगों की मौत हुई है। अयोध्या और गोरखपुर में 4-4 लोगों की मौत की सूचना है। अलग-अलग जिलों से सामने आ रहे आंकड़ों को राहत विभाग की ओर से संकलित किया जा रहा है। घायलों की बात करें तो हरदोई में 7 लोग घायल बताए गए हैं। मैनपुरी, श्रावस्ती और बाराबंकी में 5-5, जबकि सीतापुर और लखीमपुर खीरी में 3-3 लोगों के घायल होने की सूचना है।
भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण कई जिलों में मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक हरदोई में 272 मकान, सीतापुर में 108, चंदौली में 75, औरैया में 60, गोंडा में 54, हमीरपुर में 51, शाहजहांपुर में 47 और बहराइच में 44 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित मकानों और अन्य नुकसान का आकलन कराया जा रहा है, ताकि पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
बारिश और आंधी-तूफान के बीच पशुहानि की भी सूचना है। हरदोई में 28 पशुओं, सीतापुर में 16 और कन्नौज में 14 पशुओं की मौत बताई गई है। इसके अलावा बहराइच और कानपुर देहात में 7-7 तथा उन्नाव में 6 पशुओं की मौत की सूचना है। प्रशासन की ओर से जनहानि, पशुहानि और मकान क्षति से जुड़े मामलों में नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।
राहत आयुक्त ने जिलाधिकारियों और अपर जिलाधिकारियों को सिर्फ कार्यालय से निगरानी करने के बजाय प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनकी जरूरतों की जानकारी ली जाए और जरूरी सहायता जल्द उपलब्ध कराई जाए। बारिश से फसलों को हुए नुकसान का आकलन भी कराया जा रहा है। प्रशासन को प्रभावित किसानों के नुकसान का सर्वे कराकर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बारिश के कारण कई जगह जलभराव और नदी-नालों में तेज बहाव की स्थिति बन सकती है। प्रशासन ने लोगों से नदी, नाले और तेज बहाव वाले पानी के आसपास जाने से बचने की अपील की है। आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव टीमों की मदद लेने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। आपातकालीन सहायता के लिए राहत आयुक्त कार्यालय की हेल्पलाइन 1070 पर संपर्क किया जा सकता है।
Location : Lucknow
Published : 27 September 2026, 8:15 PM IST