हिंदी
मंदिर में चोरी
Raebareli: रायबरेली में एक बार फिर मंदिर परिसर में चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के आईटीआई के समीप स्थित चर्चित प्राचीन अभय दाता मंदिर में माली का काम करने वाले युवक का मोबाइल और नकदी चोरी करते हुए आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में हड़कंप मचा है।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार 28 अप्रैल 2026 को करीब सुबह 11 बजे शिकायतकर्ता कालिका प्रसाद पुत्र स्वर्गीय रामकिशुन निवासी ग्राम रूपामऊ थाना मिल एरिया ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। कालिका प्रसाद ने बताया कि वह भवानी पेपर मिल परिसर के पास स्थित अभय दाता मंदिर में माली के पद पर कार्यरत है।
Video: रायबरेली में सपाइयों ने गाजीपुर, हरदोई घटना पर किया जोरदार विरोध प्रदर्शन
पीड़ित के अनुसार, वह अपने कार्य में व्यस्त था, इसी दौरान मंदिर परिसर के कमरे में रखा उसका मोबाइल फोन रियलमी जीटी नियो 3 और करीब 2000 रुपये नकद गायब हो गए। जब उसने आसपास तलाश की तो पता चला कि चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो चुकी है।
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक युवक कमरे में घुसता है और मौका पाकर मोबाइल व नकदी लेकर फरार हो जाता है। शिकायतकर्ता ने आरोपी की पहचान राजेश पुत्र बजरंगी निवासी ग्राम बालापुर, प्राथमिक विद्यालय के पास, थाना मिल एरिया के रूप में की है।
रायबरेली में पेंट की दुकान में लगी आग, लाखों का माल खाक
कालिका प्रसाद का आरोप है कि उक्त युवक पहले भी मंदिर परिसर और आसपास के लोगों के साथ कई बार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है, लेकिन अब तक उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे आरोपी के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।
मंदिर जैसे आस्था के केंद्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही आरोपी पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ी संख्या में लोग थाने का घेराव करने को मजबूर होंगे।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत पत्र लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब देखना यह होगा कि वायरल CCTV वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपी को कब तक गिरफ्तार कर पाती है।
Location : Raebareli
Published : 28 April 2026, 2:23 PM IST
Topics : cash mobile Raebareli Temple Theft