रायबरेली में मुठभेड़: व्यापारी हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, तीन अभी भी फरार

रायबरेली में मुठभेड़ के बाद खीरों थाना क्षेत्र में पकड़ा गया गल्ला व्यवसायी का हत्यारा। पढिये पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 4 August 2025, 12:55 PM IST

Raebareli: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के खीरों थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा एक्सप्रेस-वे पुल के पास पुलिस और बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। यह वही कुख्यात गिरोह है, जिस पर बीते महीने महारानीगंज में गल्ला व्यापारी की हत्या और उसकी पत्नी को गोली मारने का आरोप है।

घटना की जानकारी मिलते ही खीरों पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर संदिग्ध क्षेत्र की घेराबंदी की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी रमेश वर्मा (35) निवासी रायपुर ऐकौनी, गोली लगने से घायल हो गया।

दोनों पैरों में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने रमेश को मौके पर ही दबोच लिया और उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। उसके दोनों पैरों में गोली लगी है। अधिकारियों के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान उसके तीन अन्य साथी मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश में सघन अभियान जारी है।

गल्ला व्यापारी की हत्या से मचा था हड़कंप
गौरतलब है कि एक माह पूर्व महारानीगंज बाजार में दिनदहाड़े गल्ला व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि उसकी पत्नी भी हमले में घायल हुई थी। इस जघन्य वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई टीमें गठित की थीं।

सीओ के नेतृत्व में पांच टीमें
एडिशनल एसपी संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि क्षेत्राधिकारी लालगंज के नेतृत्व में पांच टीमों का गठन किया गया था, जिसमें एसओजी, लालगंज थाना पुलिस, सर्विलांस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ शामिल थे। इन टीमों को लगातार इनपुट मिल रहे थे कि आरोपी सिमरी रोड के पास देखे गए हैं।

पुलिस को जैसे ही यह सूचना मिली, उन्होंने पुल के पास नाकेबंदी की। इसी दौरान रमेश वर्मा ने पुलिस पर फायरिंग की और जवाबी फायरिंग में घायल हो गया। बाकी तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

जल्द होगा पूरे गैंग का खुलासा
पुलिस अधिकारियों का दावा है कि रमेश से पूछताछ में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं और फरार अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। इस घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है और संदिग्ध स्थानों पर निगरानी तेज कर दी है।

Location :  Raebareli

Published :  4 August 2025, 12:55 PM IST